यात्रा

काली रेत वाला बीच, दुनिया का सबसे डरावना ट्रैवल स्पॉट, घूमते वक्त भूलकर भी ना करें ये गलतियां

Beach Destination: यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश आपकी पूरी होने वाली है। आज हम आपको जिस जगह के बारे में बताने जा रहे हैं वह जगह जितनी खूबसूरत है, उतनी ही खतरनाक भी। अगर आप यहां घूमने जा रहे हैं, तो थोड़ा एडवेंचर के साथ-साथ समझदारी भी जरूरी है। तभी आप इस शानदार जगह का मजा सुरक्षित तरीके से ले पाएंगे।

Image

दुनिया का सबसे डरावना ट्रैवल स्पॉट

Most Dangerous Beach: यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। रेनिस्फजारा बीच आइसलैंड का एक बेहद खूबसूरत लेकिन उतना ही खतरनाक समुद्र तट है जहां जाने का आप प्लान कर सकते हैं। इसे दुनिया के सबसे यूनिक बीच में गिना जाता है, क्योंकि यहां की रेत काली है और आसपास ऊंची-ऊंची चट्टानें हैं, जो इसे किसी फिल्मी लोकेशन जैसा बना देती हैं। 2023 में इसे यूरोप का बेस्ट बीच भी चुना गया था, इसलिए हर साल हजारों टूरिस्ट यहां घूमने आते हैं।

लेकिन जितना ये बीच देखने में शानदार है, उतना ही खतरनाक भी है। यहां का सबसे बड़ा खतरा इसकी लहरें हैं। ये आम समुद्री लहरों जैसी नहीं होतीं, बल्कि बहुत ज्यादा ताकतवर और ऊंची होती हैं। कभी-कभी 100 फीट से भी ज्यादा तक उठ जाती हैं। ये लहरें इतनी तेज होती हैं कि अगर आप जरा सा भी लापरवाह हुए, तो ये आपको खींचकर समुद्र में ले जा सकती हैं। इसलिए यहां अच्छे तैराकों को भी पानी के पास जाने से मना किया जाता है।

इस बीच पर एक और खतरनाक चीज होती है, जिसे स्नीकर वेव कहते हैं। ये लहरें अचानक बिना किसी चेतावनी के आती हैं। मतलब आप आराम से खड़े हैं और एकदम से तेज लहर आती है, जिससे आपका बैलेंस बिगड़ सकता है और आप गिर सकते हैं। कई बार लोग सिर्फ फोटो खींचते-खींचते ही इन लहरों का शिकार हो जाते हैं। और अगर गलती से आप इस पानी में गिर गए, तो मुश्किल और बढ़ जाती है। यहां का पानी बेहद ठंडा होता है, जिससे शरीर जल्दी सुन्न पड़ सकता है और हाइपोथर्मिया का खतरा हो जाता है। यानी शरीर का तापमान अचानक गिर जाता है, जो जानलेवा भी हो सकता है।

सिर्फ पानी ही नहीं, यहां की चट्टानें भी खतरे से खाली नहीं हैं। कई जगहों पर पत्थर ढीले होते हैं, जो अचानक गिर सकते हैं। इसलिए यहां घूमते वक्त हर कदम सोच-समझकर रखना जरूरी है। टूरिस्ट्स की सुरक्षा के लिए यहां एक तरह का ट्रैफिक लाइट सिस्टम भी लगाया गया है। अगर पीली लाइट जल रही है, तो इसका मतलब है कि आपको सावधान रहना है और तय सीमा से आगे नहीं जाना है। और अगर लाल लाइट है, तो उस एरिया में जाना पूरी तरह मना होता है क्योंकि वहां खतरा ज्यादा होता है।

सबसे बड़ी बात ये है कि इस बीच पर कोई लाइफगार्ड या रेस्क्यू टीम मौजूद नहीं होती। यानी अगर कुछ गलत हो जाए, तो तुरंत मदद मिलना मुश्किल हो सकता है। इसलिए यहां अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह खुद ही उठानी पड़ती है।

यहां तक कि सेल्फी लेते वक्त भी खास सावधानी बरतने को कहा जाता है। अक्सर लोग समुद्र की तरफ पीठ करके फोटो लेते हैं, जो बहुत खतरनाक हो सकता है। क्योंकि पीछे से अचानक आने वाली लहर आपको गिरा सकती है। इसलिए हमेशा समुद्र की तरफ नजर रखकर ही फोटो लें।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article