Kurukshetra Visiting Places: भारत के पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक कुरुक्षेत्र हरियाणा राज्य में स्थित है। इसे धर्मक्षेत्र के रूप में भी जाना जाता है क्योंकि ये वो भूमि है जहां महाभारत का महान युद्ध हुआ था और जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था। ये स्थल इतिहास और संस्कृति में रुचि रखने वाले यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र माना जाता है। ये जगह आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर है जहां आप अपने मन को शांत कर दिव्यता का अनुभव करा सकते हैं। यहां हर साल आयोजित होने वाला गीता जयंती महोत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होता है जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। शहर की भाग-दौड़ भरी जिंदगी से दूर अगर आप शांति के कुछ पल बिताना चाहते हैं तो कुरुक्षेत्र एक बढ़िया डेस्टिनेशन हो सकती है। ऐसे में आज हम आपको इस पावन भूमि पर मौजूदा कुछ बेहतरीन जगहों के बारे में बताएंगे, जहां जाना एक बार तो बनता है।
Best places in Kurukshetra to visit
स्थानेश्वर महादेव मंदिर (Sthaneshwar Mahadev Temple)
स्थानेश्वर महादेव मंदिर भगवान शिव को समर्पित एक प्रख्यात मंदिर है, जहां एक प्राचीन शिवलिंग मौजूद है। ऐसा माना जाता है कि महाभारत युद्ध से पहले भगवान कृष्ण और पांडवों ने यहां भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया था। सावन के महीने में और महाशिवरात्रि के दौरान ये जगह भक्तों के लिए आस्था के केंद्र बन जाती है।
ज्योतिसर (Jyotisar)
ज्योतिसर महाभारत की कथा से जुड़ा एक पवित्र स्थल है जो कुरुक्षेत्र में स्थित है। ये वो स्थान है जहां भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। माना जाता है कि जिस बरगद के पेड़ के नीचे भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया गया था, वो पेड़ आज भी यहां मौजूद है। यहां शाम के समय लाइट शो भी होता है, जिसमें गीता की महिमा का गुणगान होता है।
भीष्म कुंड (Bhishma Kund)
भीष्म कुंड का संबंध महाभारत की कथा से है। ये वो जगह है जहां भीष्म पितामह को युद्ध देखने के लिए अर्जुन द्वारा बनाई गई तीरों की शय्या पर लिटाया गया था। जब उन्हें प्यास लगी और उन्होंने पानी मांगा, तो अर्जुन ने भीष्म की प्यास बुझाने के लिए जमीन में तीर चलाकर पानी का झरना छोड़ दिया। ये जलाशय अब भीष्म कुंड के नाम से जाना जाता है। ये ज्योतिसर से बस कुछ मिनटों की दूरी पर है।
ब्रह्म सरोवर (Brahma Sarovar)
ब्रह्म सरोवर जैसा कि इसके नाम से पता चलता है, हरियाणा के थानेसर में मौजूद एक प्राचीन सरोवर है जिसे धार्मिक मान्यताओं द्वारा पवित्र माना जाता है और ये अविश्वसनीय रूप से सुंदर है। ऐसा कहा जाता है कि इस सरोवर में डुबकी लगाने वालों को मोक्ष की प्राप्ति होती है तथा पूर्णिमा के दिन का स्नान यहां खास महत्व रखता है।
श्री कृष्णा संग्रहालय (Shri Krishna Museum)
1987 में स्थापित, कृष्णा संग्रहालय में पहली शताब्दी ईस्वी से 11वीं शताब्दी ईस्वी तक भगवान कृष्ण और भगवान विष्णु के अवतारों की विभिन्न कलाकृतियां हैं। छह दीर्घाओं वाले इस संग्रहालय में भागवत पुराण और महाभारत में वर्णित रूपों में भी मूर्तियां प्रदर्शित हैं। ये जगह बच्चों को एक अनोखा अनुभव देगी।
