टेक एंड गैजेट्स

अब तक के सबसे महंगे momos! 133 रुपये के मोमोज के लिए 60 हजार चुकाएगा Zomato, जानें कारण

Momos Worth Rs 60000 For Zomato: जोमैटो पर मानसिक पीड़ा के लिए और असुविधा के लिए मुआवजे के रूप में 50,000 रुपये और मुकदमे की लागत के लिए 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

Image

Zomato momos

Momos Worth Rs 60000 For Zomato: मोमोज का हर कोई दीवाना है। मोमोज भारत लगभग हर शहर में मिल जाता है। लेकिन क्या हो कि आपको मोमोज के लिए 60 हजार रुपये चुकाने पड़ें? और वो भी तब जब आपने मोमोज खाए भी न हों। मोमोज के लिए 60,000 रुपये किसी ग्राहक ने नहीं बल्कि फूड डिलीवरी करने वाली कंपनी जोमैटो (Zomato) को चुकाने पड़ रहे हैं। जी हां! कर्नाटक की एक अदालत ने जोमैटो को 133 रुपये के मोमोज न देने पर एक महिला को 60,000 रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया है।

जोमैटो पर क्यों लगा जुर्माना?

दरअसल, जोमैटो को मोमोज की डिलीवरी नहीं करने पर जुर्माना लगाया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक के धारवाड़ की शीतल नाम की एक महिला ने पिछले साल 31 अगस्त को जोमैटो से मोमोज ऑर्डर किए और गूगल पे के जरिए 133.25 रुपये का बिल चुकाया। ऑर्डर देने के 15 मिनट बाद ही जोमैटो ऐप पर दिखा कि ऑर्डर डिलीवर हो गया है। लेकिन, शीतल को ऑर्डर नहीं मिला और कोई डिलीवरी एजेंट उनके एड्रेस पर भी नहीं आया था।

बाद में, शीतल ने रेस्टोरेंट से इस बार में बात की। जिस पर उन्हें बताया गया कि जोमैटो का ऑर्डर रेस्टोरेंट से ही लिया गया था। उसने वेबसाइट की मदद से डिलीवरी एजेंट से संपर्क करने की भी कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद शीतल ने ईमेल के जरिए जोमैटो से इसकी शिकायत की तो कंपनी ने 72 घंटे तक इंतजार करने के लिए कहा।

मानसिक पीड़ा के लिए लगाया जुर्माना

इस पूरे मामले के करीब 13 दिन बाद शीतल ने 13 सितंबर, 2023 को कंपनी को कानूनी नोटिस दिया। अदालत ने कंपनी को शिकायतकर्ता की शिकायत पर ध्यान देने के लिए 72 घंटे का समय दिया। शीतल ने बताया कि कंपनी ने 2 मई, 2024 को उसे 133.25 रुपये वापस कर दिए। आयोग ने तब कहा कि इससे पता चलता है कि जोमैटो ने सर्विस में कमी की है, जिससे शिकायतकर्ता को असुविधा और मानसिक पीड़ा हुई है। कोर्ट ने जोमैटो को शीतल को हुई असुविधा के लिए मुआवजे के रूप में 50,000 रुपये और मुकदमे की लागत के लिए 10,000 रुपये देने का आदेश दिया।

इंटरनेट पर आए रिएक्शन मजेदार

इंटरनेट पर इस मामले पर मजेदार रिएक्शन आ रहे हैं। X पर एक यूजर ने लिखा, "उन्हें उस कीमत के मोमोज भेजने चाहिए" जबकि दूसरे ने लिखा, "ये अब तक के सबसे महंगे मोमोज होंगे! जोमैटो को ₹133 के ऑर्डर के लिए ₹60,000 का भुगतान करने का आदेश दिया गया।"

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article