X block 8000 of accounts in India: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' ने गुरुवार को कहा कि भारत सरकार ने उसे कानूनों का उल्लंघन करने के लिए देश में 8,000 से अधिक अकाउंट को ब्लॉक करने के लिए कहा है। 'एक्स' ने देश के कानून का पालन करने की बात कही है। एक्स ने कहा कि वह आदेश का पालन करेगा और सिर्फ भारत में अकाउंट्स को रोक देगा।
भारत सरकार के आदेश पर X की कार्रवाई
X प्लेटफॉर्म ने किसी का नाम बताए बिना एक बयान में कहा है कि इसमें "अंतर्राष्ट्रीय समाचार संगठन और प्रमुख एक्स यूजर्स" शामिल हैं। यह कदम पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच उठाया गया है।
8000 से ज्यादा अकाउंट को ब्लॉक करने के आदेश
बयान में कहा गया है, "एक्स को भारत सरकार से कार्यकारी आदेश मिले हैं, जिसमें भारत में 8,000 से अधिक अकाउंट्स को ब्लॉक करने की आवश्यकता है। ऐसा नहीं करने पर कंपनी के स्थानीय कर्मचारियों पर भारी जुर्माना और कारावास सहित संभावित दंड शामिल हैं।"
बयान में कहा गया है कि सरकार ने बड़ी संख्या में इन अकाउंट्स को ब्लॉक करने के लिए कोई सबूत या औचित्य नहीं दिया है। एक्स ने कहा कि वह आदेश का पालन करेगा और सिर्फ भारत में अकाउंट्स को रोक देगा। एक्स ने कहा कि कंपनी ने प्रक्रिया शुरू कर दी है और प्रभावित यूजर्स को "कार्रवाई की सूचना" भेज दी है।
वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने पूरे अकाउंट्स को ब्लॉक करने की भारत सरकार की मांगों से भी असहमति व्यक्त की। बयान में कहा गया, "यह मौजूदा और भविष्य की कंटेंट पर सेंसरशिप के समान है और फ्री-स्पीच के मौलिक अधिकार के विपरीत है।" एक्स ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म भारतीयों की सूचना तक पहुंचने की क्षमता के लिए महत्वपूर्ण है।
OTT प्लेटफॉर्म्स और अन्य कंटेंट भी हुआ बैन
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम, 2021 के तहत एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में सभी OTT प्लेटफॉर्म्स को निर्देश दिया गया है कि वे पाकिस्तान मूल की वेब सीरीज, फिल्में, गाने और पॉडकास्ट्स की स्ट्रीमिंग तुरंत बंद करें। यह फैसला हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और पाकिस्तान से जुड़े संभावित आतंकी संबंधों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिसमें कई भारतीय और एक नेपाली नागरिक की जान गई थी।
इनपुट-आईएएनएस
