टेक दिग्गज Apple का वार्षिक डेवलपर सम्मेलन WWDC 2026 (Worldwide Developers Conference) 8 जून से शुरू होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में कंपनी अपने विभिन्न डिवाइसों के लिए नई पीढ़ी के सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पेश कर सकती है। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े फीचर्स और Siri के बड़े अपग्रेड को लेकर है। WWDC 2026 का आयोजन 8 से 12 जून तक Apple Park, Cupertino में होगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा ताकि दुनिया भर के डेवलपर्स और Apple प्रशंसक इसे देख सकें।
AI से लैस हो सकती है नई Siri
WWDC 2026 में Apple की सबसे बड़ी घोषणा Siri के नए वर्जन को लेकर हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपने वॉयस असिस्टेंट को अधिक स्मार्ट और संवादात्मक AI चैटबॉट में बदलने की तैयारी कर रही है। नई Siri में बेहतर बातचीत करने की क्षमता, संदर्भ को समझने की योग्यता और Apple Intelligence के साथ डीप इंटिग्रेशन देखने को मिल सकता है। इससे यूजर्स को अधिक व्यक्तिगत और हाइटेक अनुभव मिलने की उम्मीद है।
iOS 27 में मिल सकते हैं कई नए फीचर्स
Apple अपने iPhone यूजर्स के लिए iOS 27 भी पेश कर सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके फीचर्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन AI आधारित टूल्स, अधिक स्मार्ट एप इंटरैक्शन और Visual Intelligence में सुधार जैसी सुविधाओं की उम्मीद की जा रही है। Apple इस बार AI को अपने पूरे इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर देगा।
Mac, iPad और Vision Pro के लिए भी बड़े अपडेट
iOS 27 के साथ-साथ कंपनी macOS 27, iPadOS 27, watchOS 27 और visionOS 27 की भी घोषणा कर सकती है। Apple द्वारा iPhone में पेश किए जाने वाले कई AI फीचर्स को iPad और Mac तक भी विस्तारित किए जाने की संभावना है। इससे सभी Apple डिवाइसों के बीच एकीकृत AI अनुभव तैयार करने में मदद मिलेगी। वहीं Apple Watch यूजर्स को नए वॉच फेस और इंटरफेस सुधार मिल सकते हैं, जबकि Vision Pro हेडसेट के लिए बेहतर एक्सेसिबिलिटी और मिक्स्ड-रियलिटी अनुभव से जुड़े नए फीचर्स पेश किए जा सकते हैं।
हार्डवेयर लॉन्च की संभावना बेहद कम
पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार WWDC में किसी बड़े हार्डवेयर लॉन्च की उम्मीद नहीं है। Apple पहले ही इस वर्ष कई नए उत्पाद पेश कर चुका है, जिनमें MacBook Neo, iPhone 17e और M5 चिप से लैस Mac डिवाइस शामिल हैं। इसी वजह से WWDC 2026 का मुख्य फोकस सॉफ्टवेयर और AI तकनीकों पर रहने की संभावना है।
टिम कुक के लिए हो सकता है खास मौका
इस साल का WWDC एक और वजह से खास माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह Apple के सीईओ Tim Cook का अंतिम WWDC कीनोट हो सकता है। माना जा रहा है कि वह इस वर्ष के अंत में पद छोड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि उनके उत्तराधिकारी के रूप में John Ternus को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जो अगले iPhone लॉन्च इवेंट से पहले नेतृत्व संभाल सकते हैं।
