BSNL KYC Scam Alert: सोशल मीडिया पर यूजर्स को बीएसएनएल सिम से संबंधित एक मैसेज मिल रहा है, जो दावा करता है, " TRAI आपकी BSNL सिम को बंद करने जा रहा है और यदि आप अपनी सिम को चालू रखना चाहते हैं तो आपको नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करने KYC कराना होगा।" अब बता दें कि इस मैसेज को लेकर पीआईबी की तरफ से फैक्ट चेक जारी किया गया है। चलिए जानते हैं इस मैसेज की सच्चाई।
BSNL KYC
पीआईबी फैक्ट चेक में मैसेज की सच्चाई आई सामने
पीआईबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) इस मैसेज को लेकर फैक्ट चेक जारी किया है। पीआईबी ने कहा कि इस तरह के मैसेज एकदम फेक हैं और लोगों को गुमराह करने के लिए हैं।
पीआईबी ने अपनी पोस्ट में कहा, "क्या आपको भी बीएसएनएल से कथित तौर पर एक नोटिस मिला है, जिसमें दावा किया गया है कि ग्राहक का केवाईसी TRAI द्वारा निलंबित कर दिया गया है और सिम कार्ड 24 घंटे के भीतर ब्लॉक कर दिया जाएगा। सावधान रहें! यह नोटिस फर्जी है। बीएसएनएल कभी भी ऐसा कोई नोटिस नहीं भेजता है।"
स्कैम का नया तरीका है BSNL KYC का यह मैसेज
बता दें कि स्कैमर्स ने ऑनलाइन ठगी के लिए BSNL KYC के नाम से इस मैसेज को सर्कुलेट किया है। इस तरह के मैसेज लोगों को डराने के लिए होते हैं और यदि वह स्कैमर्स के झांसे में आ जाते हैं तो अपनी मोटी कमाई को खो सकते हैं। यदि आपको भी इसी तरह का मैसेज या ईमेल मिला है तो इसे इग्नोर करें और किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। क्योंकि टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ऐसे सिम को ब्लॉक नहीं करते हैं।
