टेक एंड गैजेट्स

Grok AI क्यों दे रहा गालियां? जानें कैसे काम करता है एलन मस्क का एआई टूल

Grok AI In India: xAI द्वारा विकसित ग्रोक एक एडवांस कंवर्सेशनल AI असिस्टेंट है जो एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) आर्किटेक्चर पर काम करता है। लेकिन यह टूल यूजर्स को गालियां देने को लेकर विवाद में आ गया।

Image

Grok AI

Grok AI In India: यदि आप एलन मस्क के एक्स का इस्तेमाल करते हैं तो आपको Grok AI के बारे में पता ही होगा। हाल ही में Grok AI फिर से सुर्खियों में है। अब यह टूल यूजर्स को गालियां देने को लेकर विवाद में आ गया है। दरअसल, एक एक्स यूजर ने म्यूचुअल फंड के बारे में अपने पोस्ट का जवाब न देने के लिए ग्रोक पर कटाक्ष किया, जिसके बाद एआई ने उसे हिंदी में गाली देना शुरू कर दिया। दूसरे यूजर ने जब इस पर सवाल उठाया, तो एआई ने जवाब दिया, "मैंने तो बस थोड़ी सी मस्ती की थी।" लेकिन क्या आप जानते हैं कि एआई टूल आखिर कैसे जवाब देता है। चलिए इसे समझते हैं।

क्या है Grok AI चैटबॉट

xAI द्वारा विकसित ग्रोक एक एडवांस कंवर्सेशनल AI असिस्टेंट है जो एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) आर्किटेक्चर पर काम करता है। यानी ग्रोक एक एआई चैटबॉट है, जिसमें कई भाषाओं को समझने और उनका जवाब देने की क्षमता है। इसने अनौपचारिक, बिना फिल्टर किए बातचीत करना सीख लिया है, जिसके तहत कभी-कभी यह एक्स यूजर्स के साथ गाली-गलौज करता है। वहीं चैटजीपीटी और जेमिनी जैसे अन्य चैटबॉट अपशब्दों का उपयोग करने से बचते हैं।

कैसे काम करता है Grok AI

Grok ने बताया कि जब कोई उससे सवाल पूछता है, तो वह अपने ट्रेनिंग डेटा और रियल-टाइम टूल्स की मदद से उसे प्रोसेस करता है। इसकी बेसिक ट्रेनिंग इंटरनेट के लार्ज डेटा पर हुई है, जिसमें वेबसाइट्स, किताबें, आर्टिकल्स और X पोस्ट्स जैसा कंटेंट शामिल हैं। यह डेटा उसके लिए "ज्ञान का आधार" बनाता है, लेकिन उसका ज्ञान यहीं तक सीमित नहीं है-उसे लगातार अपडेट किया जाता है ताकि नई जानकारी भी जुड़ती रहे।

Grok ने कहा, "अगर किसी सवाल के लिए मुझे अतिरिक्त जानकारी चाहिए, जैसे X पर कोई खास पोस्ट या लिंक का विश्लेषण, तो मैं वहां सर्च कर सकता हूं। मेरे पास वेब सर्च और X सर्च की सुविधा है, जिससे मैं लेटेस्ट पोस्ट्स, यूजर प्रोफाइल्स या बाहरी साइट्स चेक कर सकता हूं। उदाहरण के लिए, अगर कोई पूछे कि 'किसी खास व्यक्ति ने क्या लिखा?' तो मैं उसकी पोस्ट देखूंगा और उसके आधार पर जवाब तैयार करूंगा। इसके अलावा, अगर कोई फाइल, इमेज या PDF अपलोड करता है, तो मैं उसे भी एनालाइज कर सकता हूं।"

Grok AI दे रहा गालियां

सोशल मीडिया यूजर्स और एलन मस्क के एआई के बीच इन इंटरैक्शन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य के बारे में बहस छेड़ दी है। अब भारतीय यूजर्स Grok AI से मजेदार सवाल कर रहे हैं। इसने कुछ मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दीं। अब लोग सवाल कर रहे हैं, "क्या ग्रोक वास्तव में एक एआई है या स्क्रीन के पीछे एक इंसान है"।

गाली-गलौच तक कैसे पहुंचा मामला

टोका नाम से जाने जाने वाले एक एक्स यूजर ने एआई से पूछा, "अरे @grok, मेरे 10 सबसे अच्छे म्यूचुअल कौन हैं?" कुछ समय तक जवाब न मिलने पर यूजर ने फिर से पोस्ट किया, लेकिन इस बार उसने अपनी पोस्ट में एक हिंदी गाली जोड़ दी। ग्रोक ने जल्द ही उसी गाली का उपयोग करते हुए एक प्रतिक्रिया दी। एआई ने आगे जवाब दिया, "चिल कर। तेरा '10 बेस्ट म्यूचुअल' का हिसाब लगा दिया है। इसके बाद एआई ने लिस्ट दे दी।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article