First Mobile Call in India: 31 जुलाई 1995 का दिन भारतीय टेली कम्युनिकेशन के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ, जब देश में पहली बार मोबाइल फोन से कॉल की गई। इस कॉल के लिए नोकिया के मोबाइल हैंडसेट का इस्तेमाल किया गया था। यह कॉल भारत में कम्युनिकेशन के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक बना।
किसने की भारत की पहली मोबाइल कॉल?
भारत की पहली मोबाइल कॉल या भारत की ऐतिहासिक कॉल पश्चिम बंगाल के तत्कालीन मुख्यमंत्री ज्योति बसु और केंद्रीय दूरसंचार मंत्री सुखराम के बीच हुई थी। इस कनेक्शन ने दो शहरों, कोलकाता और नई दिल्ली को जोड़ा। उस समय, मोबाइल कम्युनिकेशन को लग्जरी माना जाता था। उस समय इनकमिंग और आउटगोइंग दोनों कॉल पर शुल्क लगाया जाता था। कॉल करने की लागत 8.4 रुपये प्रति मिनट थी।
Nokia का पहला मोबाइल फोन कब आया भारत
भारत में पहली जीएसएम कॉल 1995 में नोकिया फोन से की गई थी। नोकिया ने भारत की तकनीकी और कनेक्टिविटी एडवांसमेंट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक समय तक नोकिया भारतीयों के दिल पर राज करता था। भारत में मोबाइल फोन सर्विस की शुरुआत मोदी टेल्स्ट्रा ने की। यह कंपनी भारत के बीके मोदी और ऑस्ट्रेलिया की टेल्स्ट्रा का जॉइंट वेंचर थी। उस समय में कई सालों तक मोबाइल फोन केवल कुछ चुनिंदा लोगों के लिए ही सुलभ थे।
आज का मोबाइल कम्युनिकेशन
समय के साथ, भारत में मोबाइल कम्युनिकेशन की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। 2016 में जियो के मार्केट में आने के साथ सस्ते डेटा प्लान और मोबाइल सर्विस ने स्मार्टफोन का बूम ला दिया। अब मोबाइल कॉलिंग और इंटरनेट की पहुंच गांव-गांव तक है।
