Sabih Khan Apple COO: 30 साल से एप्पल का हिस्सा रहे सबीह खान को एप्पल का नया चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया गया है। वे Jeff Williams की जगह लेंगे, जो 2015 से इस पद पर थे। सबीह वर्तमान में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ ऑपरेशंस के रूप में कार्यरत हैं।
वैश्विक सप्लाई चेन के मास्टरमाइंड
एप्पल में अपने कार्यकाल के दौरान सबीह खान ने कंपनी की ग्लोबल सप्लाई चेन, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और क्वालिटी कंट्रोल को संभाला है। उन्होंने अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग विस्तार और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रयासों में भी अहम भूमिका निभाई है।
Jeff Williams की जगह लेंगे
यह बदलाव एप्पल की लंबे समय से नियोजित उत्तराधिकार योजना का हिस्सा है। Jeff Williams इस साल के अंत तक कंपनी में बने रहेंगे और CEO टिम कुक को रिपोर्ट करते रहेंगे। उनके रिटायरमेंट के बाद Apple की डिज़ाइन टीम सीधे टिम कुक को रिपोर्ट करेगी।
Apple से पहले GE Plastics में किया था काम
एप्पल से जुड़ने से पहले सबीह खान GE Plastics में एप्लिकेशन डेवलपमेंट इंजीनियर और की अकाउंट टेक्निकल लीडर के रूप में काम कर चुके हैं। उन्होंने 1995 में एप्पल की प्रोक्योरमेंट टीम में एंट्री ली थी।
शिक्षा और टेक्नोलॉजी का है बैकग्राउंड
सबीह खान ने Tufts University से इकोनॉमिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ड्यूल बैचलर डिग्री ली है। इसके बाद उन्होंने रेनसेलर पॉलिटेक्निक संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर्स किया। उनकी तकनीकी और प्रबंधन विशेषज्ञता उन्हें COO की भूमिका के लिए उपयुक्त बनाती है।
भारत से है गहरा नाता
सबीह खान का जन्म 1966 में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुआ था। वे पांचवीं कक्षा तक भारत में पढ़े और फिर उनका परिवार सिंगापुर चला गया। बाद में उन्होंने अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त की।
टिम कुक का भरोसा
एप्पल के CEO टिम कुक ने सबीह को “ब्रिलियंट स्ट्रैटेजिस्ट” बताया है और कहा कि वे सप्लाई चेन के आर्किटेक्ट रहे हैं। उन्होंने Apple को वैश्विक चुनौतियों के प्रति लचीला और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने में अहम योगदान दिया है।
