WhatsApp Status new features: मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने अपने स्टेटस सेक्शन को और आकर्षक बनाने के लिए चार बड़े फीचर्स लॉन्च किए हैं। इनमें कोलाज लेआउट, म्यूजिक स्टिकर, फोटो स्टिकर और 'Add Yours' जैसे इंटरएक्टिव ऑप्शन शामिल हैं। ये अपडेट धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाए जाएंगे और स्टेटस शेयरिंग को इंस्टाग्राम जैसा विजुअल और मजेदार बना देंगे। चलिए जानते हैं इन फीचर्स के खासियत के बारे में...
1. कोलाज बनाने के लिए नया लेआउट फीचर
व्हाट्सएप का नया लेआउट ऑप्शन यूजर्स को एक साथ छह तक तस्वीरें चुनकर सीधे ऐप में कोलाज बनाने की सुविधा देता है। यह फीचर ट्रिप हाइलाइट्स, इवेंट की यादें या रोजमर्रा की तस्वीरें एक विजुअल स्टोरी के रूप में शेयर करने के लिए बेहतरीन है।
2. म्यूजिक स्टिकर से होगा और मजेदार स्टेटस
म्यूजिक को स्टेटस में जोड़ने के बाद अब व्हाट्सएप ने म्यूजिक स्टिकर पेश किया है। इसके जरिए यूजर्स अपनी पसंदीदा धुन किसी फोटो या सेल्फी पर ओवरले कर सकते हैं, जिससे स्टेटस एक आकर्षक ऑडियो-विजुअल पोस्ट बन जाएगा।
3. फोटो स्टिकर टूल से पर्सनलाइजेशन
नया फोटो स्टिकर टूल किसी भी तस्वीर को कस्टमाइज्ड स्टिकर में बदलने की सुविधा देता है। यूजर इसे क्रॉप, रीसाइज या आकार बदलकर स्टेटस अपडेट में जोड़ सकते हैं, जिससे पोस्ट और भी क्रिएटिव बनेगा।
4. 'Add Yours' से बढ़ेगा इंटरएक्शन
इंस्टाग्राम और फेसबुक वाला 'Add Yours' फीचर अब आपको व्हाट्सएप पर भी देखने मिलेगा। इस फीचर के जरिए यूजर्स एक प्रॉम्प्ट पोस्ट कर सकते हैं, जैसे “Best coffee moment” या “Throwback pic”, और दोस्तों को अपनी फोटो या वीडियो से जवाब देने के लिए इनवाइट कर सकते हैं।
