WhatsApp new Feature: इंस्टेंट मैसेजिंग के लिए इस समय वॉट्सऐप का सबसे अधिक इस्तेमाल किया जाता है। दुनियाभर में करीब 4 बिलियन से अधिक से लोग वॉट्सऐप का इस्तेमाल अपने फोन में करते हैं। वैसे तो वॉट्सऐप पर प्राइवेसी और सेफ्टी से रिलेटेड ढेरों फीचर्स मौजूद हैं लेकिन अपने यूजर्स को नया अनुभव देने के लिए कंपनी समय-समय पर नए फीचर्स लाती रहती है। इस बीच मेटा की तरफ से वॉट्सऐप पर एक नया फीचर रोलआउट किया गया है जो चैटिंग का नया एक्सपीरियंस देने वाला है। वॉट्सऐप ने अपने इस सबसे लेटेस्ट फीचर को Writing Help नाम दिया है।
आपको बता दें कि वॉट्सऐप का यह राइटिंग हेल्प फीचर मेटा एआई पर बेस्ड होगा। इसके नाम से ही आप समझ सकते हैं कि यह फीचर यूजर्स को लिखने में मदद करने वाला है। यह फीचर यूजर्स को मैसेज लिखते समय कई तरह के सुझाव देगा। इसकी मदद से लोग मैसेज लिखते समय अपनी बात की टोन और स्टाइल को बदल सकेंगे। इसकी मदद से आप अपनी बात को बेहद सरल तरीके से सामने वाले तक पहुंचा सकेंगे।
इस्तेमाल करना है बेहद आसान
वॉट्सऐप के इस Writing Help फीचर को इस्तेमाल करना भी बेहद आसान है। आप जैसे ही किसी मैसेज को लिखना शुरू करेंगे तो आपको एक नया पेंसिल का आइकन मिलेगा। आप जैसे ही इस पर टैप करेंगे यह फीचर एक्टिवेट हो जाएगा। एक्टिवेशन के बाद आपने जो भी मैसेज लिखा होगा उस पर यह फीचर कुछ सुझाव देगा। यह यूजर्स पर निर्भर करेगा कि आप उन सुझाव को मानते हैं या नहीं।
कंपनी प्राइवेसी का भी रखा ख्याल
WhatsApp ने इस लेटेस्ट फीचर में यूजर्स की प्राइवेसी का भी बखूबी ध्यान रखना है। कंपनी के मुताबिक यूजर्स की तरफ से लिखा हुआ मैसेज और एआई जनरेटेड मैसेज दोनों ही पूरी तरह से एनक्रिप्टेड होंगे। इन मैसेज को वॉट्सऐप, मेटा या फिर कोई और तीसरा किसी भी तरह से एक्सेस नहीं कर सकता। कंपनी की तरफ से फिलहाल इस फीचर को इंग्लिश भाषा में ही पेश किया गया है लेकिन जल्द ही कंपनी इस पर नई भाषाओं को जोड़ सकती है। भाषा के साथ ही वॉट्सऐप ने अभी इसे अमेरिका समेत कुछ सेलेक्टेड देश के लिए ही रोलआउट किया है।
