Whatsapp Remind me Feature: यदि आप व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप ने नया और बहुत ही काम का फीचर जारी कर दिया है। इस फीचर का नाम रिमाइंड मी (Remind Me) है। यह फीचर आपके मैसेज अलार्म की तरह काम करता है। चलिए जानते हैं इस फीचर के बारे में और इसकी खासियत और इस्तेमाल का तरीका भी देखेंगे।
रिमाइंडर कर सकते हैं सेट
व्हाट्सएप ने नए फीचर "Remind Me" को रोलआउट कर दिया है। यह फीचर फिलहाल एंड्रॉयड मोबाइल ऐप के लिए बीटा टेस्टिंग के लिए जारी किया गया है। जिसकी मदद से यूजर किसी भी चैट में आए खास मैसेज पर रिमाइंडर सेट कर सकते हैं।
इसमें यूजर किसी मैसेज को चुनकर उसके लिए समय तय कर पाएंगे और तय समय आने पर फोन पर नोटिफिकेशन अलर्ट मिल जाएगा। जिस मैसेज पर रिमाइंडर लगाया गया होगा, उसके पास एक घंटी (bell) का आइकॉन दिखाई देगा। आसान भाषा में कहें तो अब आप चैट के जरूरी मैसेज को "भूलने" से बचने के लिए व्हाट्सप से ही रिमाइंड कर पाएंगे।
नया फीचर कैसे काम करेगा
जब भी चैट में कोई जरूरी मैसेज आए, यूज़र उस पर टैप कर "Remind Me" चुन सकेंगे। इसके बाद तारीख और समय सेट करना होगा। तय समय आते ही फोन पर नोटिफिकेशन आ जाएगा और उस मैसेज को दोबारा पढ़ना या उस पर एक्शन लेना आसान हो जाएगा।
फीचर के फायदे
यह फीचर खासकर उन यूजर्स के लिए मददगार होगा जो काम, मीटिंग, अपॉइंटमेंट या किसी जरूरी जानकारी को चैट में मिस नहीं करना चाहते। पहले इसके लिए अलग नोट्स ऐप या रिमाइंडर ऐप की जरूरत होती थी, लेकिन अब यह काम सीधे व्हाट्सऐप से हो सकेगा।
कैसे करें इस्तेमाल
- चैट खोलें और जिस मैसेज को सेव करना है, उसे लंबे समय तक दबाकर चुनें।
- ऊपर आए ऑप्शन में से "Remind Me" चुनें।
- तारीख और समय सेट करें।
- सेट होते ही मैसेज के पास बेल का आइकॉन आ जाएगा और तय समय पर नोटिफिकेशन मिल जाएगा।
