New Work From Home Scam From WhatsApp: वर्क फ्रॉम होम स्कैम का एक नया मामला सामने आया है जिसमें पुणे की एक महिला से सायबर ठगों ने 24 लाख रुपये लूट लिए। इस महिला को कुछ यूट्यूब वीडियो लाइक करने का झांसा देकर ठग अकाउंट खाली कर गए। पहले आसान से ऑनलाइन टास्क इस महिला को दिए गए जिसमें कुछ यूट्यूब वीडिया लाइक करने को कहा गया, इसके बदले मोटी रकम बनाने का सपना महिला को दिखाया गया। इतना ही नहीं वीडियो शेयरिंग के प्लेटफॉर्म और वीडियो लाइक करने के लिए पहले इस महिला को 10,275 रुपये का भुगतान भी किया गया।
कैसे झांसे में आई ये महिला
पुणे में दर्ज हुई एक एफआईआर में सामने आया है कि महिला के व्हाट्सएप नंबर पर वर्क फ्रॉम होम का ऑफर आया जिसमें मोटी रकम कमाने की बात कही गई। फ्रॉड करने वालों ने पहले महिला को छोटे टास्क लेकर 10,275 रुपये का दाना डाला, इसके बाद उसे एक क्रिप्टोकरंसी की एक स्कीम में पैसा लगाने को कहा गया। महिला ने इनके झांसे में आकर 23.83 लाख रुपये दो बैंक अकाउंट्स में जमा करा दिए। इसके बाद भी उन्हें मामूली टास्क दिए जाते रहे, जब महिला ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही तब उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
ऐसे आता है ठगी का व्हाट्सएप मैसेज
महिला ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो ठग ने उन्हें अपनी रकम निकालने के लिए 30 लाख रुपये और जमा करने को कहा। ठक व्हाट्सएप पर एचआर के नाम से मैसेज करते हैं और रोजाना के 1,000 से 10,000 या 15,000 रुपये बनाने का लालच लोगों को देते हैं। इसी झांसे में आकर लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। ये पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी गुरुग्राम के एक शख्स से 11 लाख रुपये की ठगी इसी तरह के फ्रॉड से की गई है। हम आपको ये सलाह देते हैं कि इस तरह के व्हाट्सएच मैसेज को देखते ही डिलीट कर दें और ठगों के झांसे में बिल्कुल ना आएं।
