आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में Nvidia आज सबसे चर्चित कंपनियों में शामिल है। ChatGPT से लेकर दूसरी जनरेटिव AI तकनीकों को विकसित करने में इसके चिपसेट की अहम भूमिका है। कंपनी के CEO जेनसन हुआंग भी दुनियाभर में चर्चा में रहते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि Nvidia की चिप में ऐसा क्या खास है, जिसके कारण दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां इस पर निर्भर हैं? इसका जवाब GPU और कंपनी के खास सॉफ्टवेयर CUDA में छिपा है।
AI चिप क्या होती है? Nvidia की सबसे बड़ी ताकत और सफलता का राज जानें (File Photo)
क्या होती हैं AI चिप और GPU?
AI चिप ऐसे प्रोसेसर होते हैं, जिन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े बड़े और जटिल गणितीय काम तेजी से करने के लिए तैयार किया जाता है। इनमें GPU यानी ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट की अहम भूमिका है। आमतौर पर कंप्यूटर का CPU एक समय में सीमित काम तेजी से करता है। वहीं GPU एक साथ हजारों छोटे गणितीय काम कर सकता है। AI मॉडल को ट्रेनिंग देने में एक साथ बहुत सारी गणनाएं करनी पड़ती हैं। ऐसे में GPU काफी उपयोगी साबित होते हैं। आधुनिक AI GPU हर सेकंड एक क्वाड्रिलियन से ज्यादा गणनाएं कर सकते हैं।
गेमिंग से AI की दुनिया तक कैसे पहुंचा GPU?
शुरुआत में GPU का इस्तेमाल कंप्यूटर गेम के ग्राफिक्स और वीडियो को बेहतर बनाने के लिए होता था। 1990 के दशक के आखिरी वर्षों और 2000 के शुरुआती दौर में Nvidia इस बाजार में आगे निकल गई। कंपनी के लिए बड़ा बदलाव साल 2007 में आया, जब उसने CUDA सॉफ्टवेयर पेश किया। इसकी मदद से वैज्ञानिक और इंजीनियर GPU का इस्तेमाल सिर्फ ग्राफिक्स ही नहीं, बल्कि दूसरे जटिल कामों के लिए भी करने लगे।
साल 2012 में AlexNet नाम के AI मॉडल ने Nvidia के दो GPU की मदद से ट्रेनिंग हासिल की और ImageNet प्रतियोगिता जीत ली। इसने साबित किया कि GPU की मदद से AI मॉडल को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया जा सकता है।
Nvidia की सबसे बड़ी ताकत क्या है?
Nvidia की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ उसके हार्डवेयर नहीं, बल्कि CUDA जैसा सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम भी है। कंपनी ने इस तकनीक को विकसित करने में वर्षों लगाए हैं। यही वजह है कि AI कंपनियों के लिए Nvidia के चिपसेट का इस्तेमाल करना आसान और उपयोगी बना हुआ है। साल 2017 में Transformer तकनीक आने के बाद AI मॉडल का आकार और क्षमता तेजी से बढ़ी। इससे GPU की मांग भी बढ़ गई।
Nvidia के सामने क्या हैं चुनौतियां?
अब Nvidia को AMD, Google और खुद के AI चिप बनाने वाली क्लाउड कंपनियों से चुनौती मिल रही है। इसके अलावा AI डेटा सेंटर में भारी बिजली खपत, मेमोरी चिप की कमी और ताइवान की TSMC पर निर्माण की निर्भरता भी बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में देखना होगा कि Nvidia अपनी तकनीकी बढ़त कब तक बनाए रख पाती है।
