WhatsApp Web scroll issue: मंगलवार को दुनियाभर के कई यूजर्स WhatsApp Web पर चैट स्क्रॉल नहीं कर पा रहे हैं। खासकर स्टिकर या इमोजी पैनल खोलने के बाद यह समस्या सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर इसकी शिकायतों की बाढ़ आ गई, लेकिन कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
यूजर्स की शिकायतें सोशल मीडिया पर
कई यूजर्स ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि WhatsApp Web पर वे चैट्स को माउस या टचपैड से स्क्रॉल नहीं कर पा रहे। एक यूजर ने लिखा, “Dear WhatsApp, kindly resolve ASAP.” वहीं दूसरे यूजर्स ने बताया कि यह समस्या ग्लोबली देखी जा रही है।
टेक्नोलॉजी ट्रैकर्स ने बताया, क्या है असली वजह
टेक्नोलॉजी ट्रैकर्स के अनुसार, यह बग ज्यादातर तब आता है जब चैट में स्टिकर या इमोजी पैनल खोला जाता है। कुछ यूजर्स ने पेज रिफ्रेश कर अस्थायी समाधान निकाला, जबकि कुछ ने सुझाव दिया कि जब तक फिक्स नहीं आता, तब तक स्टिकर इस्तेमाल से बचना चाहिए।
नया नहीं है यह बग
यह समस्या पहले भी देखी जा चुकी है। Reddit पर पिछले साल से इस तरह की शिकायतें दर्ज हैं, जहां यूजर्स ने चैट फ्रीज होने या स्क्रॉल जंप जैसी परेशानियों की बात कही थी। पहले सुझाए गए वर्कअराउंड्स में ब्राउजर विंडो का आकार बदलना या स्क्रॉलिंग के दौरान “Alt” की दबाना शामिल रहा है।
Meta की ओर से चुप्पी
मंगलवार दोपहर तक Meta की ओर से इस बग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी। फिलहाल यूजर्स अस्थायी उपायों से ही काम चला रहे हैं। उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही इसका अपडेट जारी करेगी।
पहले भी आ चुकी हैं तकनीकी दिक्कतें
यह पहली बार नहीं है जब WhatsApp यूजर्स को दिक्कत झेलनी पड़ी हो। अप्रैल 2025 में बड़े पैमाने पर मैसेज डिलीवरी की समस्या आई थी, जिसमें हजारों रिपोर्ट दर्ज हुईं। इसी तरह फरवरी में भी 5,000 से ज्यादा रिपोर्ट्स के साथ एक बड़ी ग्लोबल आउटेज देखने को मिली थी। वहीं कल ही व्हाट्सएप की सर्विस कुछ समय के लिए डाउन रही थी।
