Twitter की कमान अब नए बॉस एलन मस्क के पास है। अपने अधिग्रहण के ठीक एक हफ्ते बाद ही मस्क ने कंपनी की हालत को दुरुस्त करने के लिए कई बड़े बदलावों की शुरुआत की है। इसी क्रम में कंपनी ने शुक्रवार को अपने 7,500 कर्मचारियों में से आधे को बर्खास्त कर दिया है। ये जानकारी न्यूज एजेंसी AFP के हवाले से मिली है।
एएफपी द्वारा देखे गए एक आंतरिक दस्तावेज में कहा गया है कि 'लगभग 50 प्रतिशत' कर्मचारी प्रभावित हुए हैं और उनसे तत्काल ही कंपनी के कंप्यूटर और ईमेल एक्सेस को ले लिया जाएगा।
ट्विटर ने दुनियाभर में मौजूद कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। इस पर कुछ कर्मचारियों ने Twitter और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कंपनी के प्रति नाराजगी व्यक्त की है और कंपनी को छोड़ दिया है।
ट्विटर में यूएस और कनाडा की पब्लिक पॉलिसी की डायरेक्टर रहीं Michele Austin ने लिखा है कि सुबह उठते ही मुझे पता चला कि ट्विटर में मेरा काम करने का वक्त खत्म हो चुका है। मेरा दिल टूट गया। मैं अब तक इसे स्वीकार नहीं कर पा रही हूं।
इस बारे में पहली बार अपनी बात रखते हुए एलन मस्क ने ट्वीट किया कि दुर्भाग्य से कोई विकल्प नहीं है जब कंपनी को हर दिन से 4 मिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हो रहा है।
छंटनियों के बीच ट्विटर ने दुनियाभर में अपने ऑफिस के एक्सेस को कर्मचारियों के लिए रोक दिया है। कर्मचारियों से कहा गया है कि वे घर पर ही रहें और ई-मेल का इंतजार करें।
नाम न छापने की शर्त पर एक बर्खास्त कर्मचारी ने कहा, 'यह लोगों के साथ व्यवहार करने का एक बहुत ही अमानवीय तरीका है। वे हर कीमत पर पैसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।'
