रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और BSNL देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां हैं। चारों ही कंपनियों के सब्सक्राइबर बेस को लेकर टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को ताजा रिपोर्ट जारी कर दी है। TRAI की नई रिपोर्ट अक्टूबर महीने के यूजर्स को लेकर जारी की गई है। लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर महीने में भी जियो ने सबसे ज्यादा ग्राहक अपने साथ जोड़ने में दबदबा कायम रखा। नए ग्राहकों को अपने साथ जोड़ने के मामले में दूसरे नंबर एयरटेल और तीसरे स्थान में सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल रही।
TRAI की रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर महीने में रिलायंस जियो ने सबसे ज्यादा 19.97 लाख नए वायरलेस सब्सक्राइबर्स अपने साथ जोड़े। इस रिपोर्ट के अब जियो का यूजरबेस बढ़कर 48.47 करोड़ हो गया है। यह संख्या भारतीय टेलीकॉम सेक्टर में कुल यूजर्स का 41 फीसदी है। ग्रामीण इलाकों में तेजी से बढ़ती जियो की पकड़ ने कंपनी को इस बढ़त को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
Airtel की भी हुई मौज
जियो के बाद अक्टूबर के महीने में सबसे ज्यादा नए सब्सक्राइबर्स भारती एयरटेल ने जोड़े हैं। एयरटेल ने इस महीने अपने साथ 12.52 लाख नए ग्राहक अपने साथ जोड़े हैं। नए यूजर्स के आने के बाद अब एयरटेल के कुल यूजर्स की संख्या 39.36 करोड़ हो गई है। ग्राहकों को अपनी तरफ लुभाने के लिए कंपनी ने पिछले कुछ समय में नेटवर्क क्वालिटी और 5G सेवाओं में काफी बड़ा अपग्रेड किया है। यही कारण है कि मोबाइल यूजर्स लगातार कंपनी के साथ जुड़ रहे हैं। आपको बता दें कि एयरटेल का ARPU अब भी जियो से बेहतर है।
BSNL की भी हुई बल्ले-बल्ले
अक्टूबर का महीना सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल के लिए भी काफी धमाकेदार रहा। इस महीने अपने साथ नए ग्राहकों को जोड़ने के मामले में बीएसएनएल तीसरी सबसे बड़ी कंपनी रही। बीएसएनएल ने अपने साथ करीब 2.69 लाख नए यूजर्स जोड़े। नए यूजर्स जुड़ने के बाद सरकारी कंपनी के कुल ग्राहकों की संख्या अब 9.25 करोड़ हो गई है। बीएसएनएल ने पिछले कुछ महीनों में अपनी नेटवर्क सर्विस पर काफी ज्यादा काम किया है और इसका असर दिखने भी लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी लाखों की संख्या में लोग बीएसएनएल का सिम ही इस्तेमाल कर रहे हैं।
Vodafone Idea की बढ़ी मुश्किल
देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के लिए अक्टूबर 2025 का महीना भी काफी नुकसानदायक रहा। इस महीने कंपनी ने अपने लाखों ग्राहकों का साथ खो दिया। ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक वीआई ने अक्टूबर में 20.83 ग्राहकों का साथ खो दिया। अब वीआई के पास कुल ग्राहकों की संख्या 20.07 करोड़ रह गई है। वीआई पिछले कई महीनों से ग्राहकों की जानें की समस्या का सामाना कर रही है।
