टेक एंड गैजेट्स

TRAI Report: Jio-Airtel की फिर हुई मौज, VI-BSNL को लगा बड़ा झटका

टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से नई रिपोर्ट जारी कर दी गई है। TRAI की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई महीने में भी जियो ने सबसे ज्यादा ग्राहक अपने साथ जोड़े हैं।

Image

ट्राई की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में एमएनपी कराने वाले यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ी है।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी TRAI की तरफ से मंथली सब्सक्राइबर डाटा रिपोर्ट जारी कर दी गई है। TRAI की नई रिपोर्ट में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के आंकड़ों में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला। जुलाई के महीने में MNP कराने वाले यूजर्स की संख्या काफी तेजी से बढ़ी। हर बार की तरह इस महीने भी सब्स्क्राइबर्स जोड़ने के मामले में रिलायंस जियो और एयरटेल आगे रहे। वहीं दूसरी तरफ वोडाफोन आइडिया को एक बार फिर से भारी नुकसान हुआ है।

TRAI की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई 2025 तक देश में वायरलेस सब्सक्राइबर्स की संख्या 1171.91 मिलियन पहुंच गई है। वहीं अगर वायरलेस और वायरलाइन दोनों के मिलाकर टेलीकॉम यूजर्स की बात करें तो यह संख्या अब बढ़कर 1220.02 मिलियन तक पहुंच गई है। ट्राई के मुताबिक इस दौरान कुल 1.66 मिलियन नए कनेक्शन जुड़े हैं।

TRAI की नई रिपोर्ट के मुताबिक भारत में इस समय 5G FWA ग्राहकों की संख्या लगभग 84 लाख पहुंच गई है। इससे एक महीने पहले यानी जून में यह संख्या करीब 78 लाख थी। शहरी क्षेत्रों में 5G FWA यूजर्स की संख्या 5.02 मिलियन बढ़ी जबकि वहीं ग्रामीण क्षेत्र में यूजर्स की बढ़ोतरी 3.38 मिलियन रही। देश की नंबर एक टेलीकॉम कंपनी जियो के पास इस समय सबसे ज्यादा 6.4 मिलियन यूजर्स हैं। वहीं एयरटेल के पास 5G FWA यूजर्स की संख्या 1.9 मिलियन है।

किसने कितने ग्राहक जोड़े

ट्राई की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई के महीने में सबसे अधिक सब्सक्राइबर्स जोड़ने के मामले में जियो नंबर एक पर रहा। जुलाई 2025 में जियो ने अपने साथ करीब 4.8 लाख नए ग्राहक जोड़े। वहीं एयरटेल भी जियो के करीब ही रहा। Airtel ने जुलाई के महीने में अपने साथ 4.6 लाख नए ग्राहक जोड़े। देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया को एक बार फिर से ग्राहकों का बड़ा नुकसान हुआ है। वीआई ने जुलाई में करीब 1 लाख सब्सक्राइबर्स खो दिए।

Jio-Airtel-Vi मार्केट शेयर

आपको बता दें कि रिलायंस जियो इस समय 41.04 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ देश का नंबर एक टेलीकाम कंपनी बनी हुई है। इस समय जियो के पास करीब 47.75 करोड़ मोबाइल यूजर्स हैं। वहीं एयरटेल का मौजूदा समय में मार्केट शेयर 33.65 प्रतिशत है। एयरटेल के पास इस समय करीब 39.1 करोड़ मोबाइल यूजर्स है। वीआई का मार्केट शेयर अब सिर्फ 17.52 प्रतिशत ही रह गया है। कंपनी के पास अभी भी करीब 20.3 करोड़ यूजर्स मौजूद है। सरकारी कंपनी BSNL के मार्केट शेयर की बात करें तो यह सिर्फ 7.7 प्रतिशत का है। BSNL के पास देशभर में अब सिर्फ 9.3 करोड़ यूजर्स हैं।

यह भी पढ़ें-

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article