India Digital Fest: तेजी से बदलते डिजिटल भारत की सराहना करते हुए मेटा इंडिया की हेड और वाइस प्रेसिडेंट संध्या देवनाथन ने अपने विचार आईडीएफ में रखे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों में बिजनेस के लिए अब बैंक और फाइनेंस कंपनियां व्हाट्सएप का सहारा ले रही हैं।संध्या ने ये बात नई दिल्ली में हो रहे इंडिया डिजिटल फेस्ट में कही है, इस इवेंट की थीम “द फ्यूचर बिगिन्स हियर” है।यहां आईटी और टेक फील्ड में माहिर गेस्ट फ्रंटलाइन टेक्नोलॉजी के बेहतर इस्तेमाल के रोडमैप पर मंथन कर रहे हैं।
संध्या देवनाथन (मेटा इंडिया)ने क्या कहा
संध्या देवनाथन ने कहा कि भारत में बदलाव की रफ्तार को देखें तो बीते कुछ साल शानदार रहे हैं। भारत ने बदलाव की राह में अपने आप को बहुत मजबूत स्थिति में खड़ा कर लिया है, डिजिटल माध्यम से ना सिर्फ लोगों की जिंदगी बदल रही है, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। भारत में 6.3 करोड़ एमएसएमई हैं जो कुल जीडीपी में 30 फीसदी योगदान देते हैं और इनसे करीब 11 करोड़ लोगों को रोजगार भी मिला है।यहां डायरेक्ट-टू-कस्टमर भी एक बड़ा ट्रेंड बनता नजर आ रहा है।
AI पर क्या बोलीं संध्या
संध्या देवनाथन ने आगे बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजनेस के लिए बैंक और फाइनेंस संगठन अब व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बहुत ताकत है और ओपन एआई के चैटजीपीटी के बढ़ते इस्तेमाल का असर कई सारी फील्ड में देखा जा सकता है। हमने AI क्षेत्र में बड़ा निवेश किया है । और भारत में भी इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में इस साल भारत एआई गवर्नेंस कमेटी की अध्यक्षता करने वाला है।
