वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube एक बार फिर अपने डायरेक्ट मैसेजिंग (DM) फीचर को वापस लाने की तैयारी कर सकता है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इस फीचर की दोबारा टेस्टिंग कर रही है। याद दिला दें कि यूट्यूब ने 2019 में अपने इन-ऐप मैसेजिंग फीचर को बंद कर दिया था। उस समय कंपनी का कहना था कि ज्यादातर यूजर्स वीडियो शेयर करने और बातचीत के लिए अन्य मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए इस फीचर को हटाया गया था।
दोबारा टेस्ट हो रहा है मैसेजिंग सिस्टम
अब सामने आई जानकारी के अनुसार यूट्यूब एक नए मैसेजिंग सिस्टम की टेस्टिंग कर रहा है। कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि उन्हें ऐप के भीतर एक नया चैट इंटरफेस दिखाई दे रहा है। इस इंटरफेस की मदद से यूजर्स सीधे दूसरे यूजर्स के साथ चैट कर सकते हैं और वीडियो भी शेयर कर सकते हैं, वह भी ऐप से बाहर गए बिना। फिलहाल यह फीचर सीमित स्तर पर टेस्ट किया जा रहा है और अभी सभी देशों के यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है।
चुनिंदा यूजर्स को मिला एक्सेस
रिपोर्ट्स के अनुसार यह नया मैसेजिंग फीचर अभी केवल कुछ चुनिंदा यूजर्स के साथ ही टेस्ट किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह समझना है कि यूजर्स इस फीचर का इस्तेमाल कैसे करते हैं और क्या इससे प्लेटफॉर्म पर उनकी सक्रियता बढ़ती है। अगर यह टेस्ट सफल रहता है, तो भविष्य में इसे बड़े स्तर पर रोलआउट किया जा सकता है।
वीडियो पर चर्चा और शेयरिंग होगी आसान
इस मैसेजिंग सिस्टम के जरिए यूजर्स अपने दोस्तों के साथ वीडियो पर चर्चा कर सकेंगे, उन्हें वीडियो की सिफारिश कर सकेंगे और कंटेंट देखते समय सीधे बातचीत भी कर पाएंगे। इससे प्लेटफॉर्म पर सोशल इंटरैक्शन बढ़ने की संभावना है, हालांकि यूट्यूब ने अभी तक इस फीचर के आधिकारिक लॉन्च को लेकर कोई घोषणा नहीं की है और यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि इसे वैश्विक स्तर पर कब तक जारी किया जाएगा।
Shorts के लिए AI Remix फीचर भी टेस्टिंग में
इसी बीच यूट्यूब अपने शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube Shorts के लिए एक नया AI Remix फीचर भी पेश कर रहा है। इस फीचर की मदद से कंटेंट क्रिएटर्स मौजूदा वीडियो का उपयोग करके नए वीडियो तैयार कर सकेंगे। फिलहाल इस फीचर को अंग्रेज़ी भाषा के कुछ चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ टेस्ट किया जा रहा है और यह Shorts के “Remix” मेन्यू में उपलब्ध है।
