आज के समय में साइबर फ्रॉड सिर्फ संदिग्ध ईमेल तक सीमित नहीं रह गया है। अब ठग फर्जी बैंक कॉल, KYC अपडेट मैसेज, नौकरी के ऑफर, WhatsApp लिंक और क्रेडिट कार्ड अपग्रेड स्कीम के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। कई मामलों में लोग कुछ ही मिनटों में अपनी पूरी जमा पूंजी गंवा देते हैं। बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को देखते हुए भारत सरकार ने अब नागरिकों के लिए एक मुफ्त ऑनलाइन साइबर सिक्योरिटी कोर्स शुरू किया है, जिसे सिर्फ ढाई घंटे में पूरा किया जा सकता है।
गृह मंत्रालय के तहत तैयार किया गया कोर्स
यह कोर्स गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre यानी I4C द्वारा तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी की पहचान करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल सिखाना है।
सरकार के CyberDost I4C एक्स पोस्ट के अनुसार, जो लोग इस कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे, उन्हें सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा है कि साइबर खतरे हर दिन नए रूप में सामने आ रहे हैं और लोगों को डिजिटल सुरक्षा की सही जानकारी होना बेहद जरूरी है।
क्या-क्या सिखाया जाएगा इस कोर्स में?
इस फ्री साइबर हाइजीन कोर्स में लोगों को कई जरूरी ऑनलाइन सुरक्षा उपाय सिखाए जाएंगे। इसमें व्यक्तिगत डाटा की सुरक्षा, फर्जी लिंक और स्कैम कॉल की पहचान, संदिग्ध मैसेज को समझना और ऑनलाइन सेवाओं का सुरक्षित इस्तेमाल जैसे विषय शामिल हैं।

Cyber Hygiene Course
यह कोर्स छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, सरकारी कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी के लिए उपलब्ध है। खास बात यह है कि इसमें तकनीकी भाषा के बजाय रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े आसान और व्यावहारिक सुरक्षा उपाय बताए गए हैं।
तेजी से बढ़ रहे हैं फर्जी बैंक कॉल और APK स्कैम
भारत में हाल के महीनों में साइबर फ्रॉड के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। साइबर अपराधी लोगों से OTP, बैंकिंग डिटेल्स और कार्ड संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में बताया गया कि विशाखापट्टनम में ठगों ने फर्जी क्रेडिट कार्ड अपग्रेड ऑफर के जरिए कई लोगों को निशाना बनाया। एक मामले में 30 वर्षीय सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल से करीब 1.5 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया और कुछ जानकारी मांगने के बाद खाते से पैसे उड़ा लिए।
APK फाइल के जरिए भी हो रही ठगी
एक अन्य मामले में एक व्यक्ति अपने पुराने क्रेडिट कार्ड को बंद करवाना चाहता था। इसी दौरान उसे बैंक अधिकारी बनकर एक ठग ने APK फाइल भेजी। हालांकि पीड़ित ने फाइल को ओपन नहीं किया, लेकिन बाद में OTP से जुड़े दूसरे तरीकों के जरिए उसके खाते से एक लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठग अक्सर लोगों पर जल्दबाजी में फैसला लेने का दबाव बनाते हैं। फर्जी KYC अलर्ट, बैंक अपडेट मैसेज और तुरंत क्रेडिट कार्ड अपग्रेड जैसे ऑफर आजकल सबसे आम साइबर जाल बन चुके हैं।
सरकार ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बैंक कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि संबंधित बैंक के आधिकारिक एप या वेबसाइट से जरूर करें। किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करने से बचना चाहिए।
सरकार का नया Cyber Hygiene Course खासतौर पर इन्हीं खतरों से बचाने के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य आम लोगों को ऐसी जानकारी देना है जिसे वे अपनी रोजमर्रा की डिजिटल जिंदगी में आसानी से इस्तेमाल कर सकें।
कैसे कर सकते हैं कोर्स में हिस्सा?
इच्छुक लोग इस कोर्स को I4C के आधिकारिक ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए एक्सेस कर सकते हैं। कोर्स पूरी तरह मुफ्त है और इसे घर बैठे ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है। सरकार का मानना है कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी हर नागरिक के लिए उतनी ही जरूरी हो गई है जितनी वित्तीय साक्षरता।
