टेक एंड गैजेट्स

एलन मस्क ने PM मोदी को किया फोन, कहीं टेस्ला-स्टारलिंक तो नहीं वजह? जानें इसके क्या मायने

Elon Musk Calls PM Modi: टेस्ला और स्टारलिंक कथित तौर पर भारतीय बाजार में प्रवेश करने के करीब है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में स्टारलिंक के अधिकारियों से उनकी तकनीक, साझेदारी और निवेश योजनाओं पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की। अब मस्क ने पीएम मोदी से फोन पर बात की है।

Image

Elon Musk met Indian PM Narendra Modi recently

Photo : Twitter

Elon Musk Calls PM Modi: एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि वह इस साल के अंत में भारत आने की योजना बना रहे हैं। इससे ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को एलन मस्क ने खुद पीएम मोदी को फोन मिलाया और निवेश पर बातचीत भी की। इस पर पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने अरबपति उद्यमी के साथ टेक्नोलॉजी पर चर्चा की है। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ मस्क ने इस बातचीत को सम्मान की बात बताया और भारत और उनके उपक्रमों के बीच मजबूत होते संबंधों का संकेत दिया।

पीएम मोदी से बात करना सम्मानजनक- मस्क ने X पर किया पोस्ट

टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी से बात करना उनके लिए सम्मानजनक है और वह इस साल के अंत में भारत आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "पीएम मोदी से बात करना सम्मानजनक है। मैं इस साल के अंत में भारत आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"

PM मोदी ने भी किया पोस्ट

पीएम मोदी ने भी मस्क से बातचीत को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने कहा, "एलन मस्क से अलग-अलग मुद्दों पर बात की, जिसमें इस साल की शुरुआत में वाशिंगटन डीसी में हमारी बैठक के दौरान शामिल किए गए विषय भी शामिल हैं। हमने टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। इन क्षेत्रों में भारत, अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

भारत में एंट्री कर सकती है टेस्ला और स्टारलिंक

टेस्ला और स्टारलिंक कथित तौर पर भारतीय बाजार में प्रवेश करने के करीब है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में स्टारलिंक के अधिकारियों से उनकी तकनीक, साझेदारी और निवेश योजनाओं पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की।

हालांकि जियो और एयरटेल ने स्टारलिंक सर्विस के लिए स्पेसएक्स के साथ समझौते किए हैं, लेकिन सुरक्षा और स्पेक्ट्रम पर सरकारी मंज़ूरी मिलने तक परिचालन ठप है। 6,750 से ज्यादा सैटेलाइट के साथ स्टारलिंक को बाजार में उथल-पुथल मचाने वाला माना जाता है, लेकिन टेलीकॉम कंपनियों ने सैटेलाइट स्पेक्ट्रम नीतियों पर चिंता जताई है।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article