अमेरिका, इजरायल और ईरान के युद्ध के बीच जहां एलपीजी गैस की कीमतें बढ़ रही हैं, वहीं अब स्मार्टफोन की कीमतें भी आसमान छूने लगी हैं। Samsung ने भारत में अपने बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है।
कंपनी ने Galaxy A, M और F सीरीज के कुल छह मॉडलों के दाम बढ़ाए हैं। अगर आप इनमें से किसी फोन को खरीदने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो अब आपको पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
अलग-अलग मॉडल और स्टोरेज वेरिएंट के आधार पर कीमतों में 500 रुपये से लेकर 3,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। टिप्स्टर @yabhishekhd के मुताबिक जिन फोन की कीमत बढ़ाई गई है, उनमें से ज्यादातर मॉडल पिछले साल लॉन्च हुए थे और बजट व मिड-रेंज सेगमेंट में इनकी अच्छी बिक्री भी हुई है।
अन्य कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम
सिर्फ Samsung ही नहीं, बल्कि अन्य स्मार्टफोन कंपनियां भी अपने कुछ डिवाइस की कीमतें बढ़ा चुकी हैं। हाल ही में Oppo और Vivo ने भी कुछ स्मार्टफोन्स के दाम बढ़ाए हैं। जैसे Oppo A6 Pro, Oppo A6x और Oppo Reno 15c जैसे मॉडलों की कीमत में करीब 2,500 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
इन Samsung स्मार्टफोन्स की कीमत में हुआ इजाफा
Samsung ने जिन छह स्मार्टफोन्स की कीमत बढ़ाई है, उनमें Samsung Galaxy M36 5G, Samsung Galaxy F36 5G, Samsung Galaxy M17 5G, Samsung Galaxy F17 5G, Samsung Galaxy A17 5G, Samsung Galaxy A06 5G शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा कीमत बढ़ोतरी Galaxy A17 5G के टॉप वेरिएंट में देखी गई है, जिसकी कीमत में 3,000 रुपये तक का इजाफा हुआ है।
Galaxy M36 5G और F36 5G की नई कीमत
Samsung Galaxy M36 5G का 8GB + 128GB वेरिएंट अब 21,999 रुपये में मिलेगा, जो पहले से 500 रुपये महंगा हो गया है। वहीं 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 25,999 रुपये हो गई है, जिसमें 1,500 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह Samsung Galaxy F36 5G के दोनों वेरिएंट की कीमत भी लगभग इसी स्तर पर रखी गई है।
Galaxy M17 5G और F17 5G की कीमत
Samsung Galaxy M17 5G के 6GB + 128GB वेरिएंट की कीमत अब 16,499 रुपये हो गई है। वहीं 8GB + 128GB वेरिएंट 18,499 रुपये में उपलब्ध होगा। दूसरी ओर Samsung Galaxy F17 5G के 4GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 16,999 रुपये है। 6GB + 128GB वेरिएंट 18,999 रुपये में मिलेगा, जबकि 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 20,999 रुपये तक पहुंच गई है।
Galaxy A17 5G और A06 5G की नई कीमत
Samsung Galaxy A17 5G में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई है। इसका 6GB + 128GB वेरिएंट अब 20,499 रुपये में मिलेगा। वहीं 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 22,499 रुपये और 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 26,499 रुपये हो गई है। इसके अलावा Samsung Galaxy A06 5G के 6GB + 128GB वेरिएंट की कीमत अब 15,999 रुपये हो गई है, जो पहले से 500 रुपये ज्यादा है।
क्यों बढ़ाए गए स्मार्टफोन के दाम?
Samsung ने अभी तक कीमत बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, हालांकि आम तौर पर ऐसी बढ़ोतरी के पीछे कई वजहें होती हैं, जैसे कि स्मार्टफोन पार्ट्स की बढ़ती लागत, विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव और सप्लाई चेन से जुड़े बदलाव।
