Dunzo Lay Offs: ग्रोसरी डिलीवरी कंपनी डनजो में काम करने वाले कई कर्मचारियों पर एक बार फिर छंटनी की तलवार लटक आई है। जी हां, भारत की स्टार्टअप कंपनी डनजो एक बार फिर अपने कई कर्मचारियों को नौकरी से निकालने वाली है। रिलायंस रिटेल के सहयोग से चल रही ये कंपनी कथित तौर पर अपने 30 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी में है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, देश की ग्रोसरी डिलीवरी प्रोवाइडर डनजो ने करीब 300 कर्मचारियों को निकाल दिया है।
नए दौर की छंटनी को लेकर डनजो ने नहीं की आधिकारिक घोषणा
रिपोर्ट के मुताबिक डनजो के फाउंडर और सीईओ कबीर बिसवास ने एक टाउनहॉल मीटिंग के दौरान अपने कर्मचारियों को छंटनी के नए दौर के बारे में जानकारी दी है। हालांकि, डनजो ने अभी तक छंटनी के नए दौर को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताते चलें कि नवंबर, 2022 में कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के कई इलाकों में अपने कुछ डार्क स्टोर्स को बंद कर दिया था। इन डार्क स्टोर्स टीम से कंपनी ने अपने 25 से 35 प्रतिशत तक स्टाफ को नौकरी से निकाल दिया था। बताया जाता है कि नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों में पर्मानेंट और टेम्पोरेरी, दोनों कैटेगरी के कर्मचारी शामिल थे।
इस साल जनवरी में भी गई थी कर्मचारियों की नौकरी
इस साल जनवरी में डनजो ने कॉस्ट कटिंग के नाम पर अपने 3 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था क्योंकि कंपनी का फोकस अपनी टीमों की क्षमता बढ़ाने के लिए टीम स्ट्रक्चर और नेटवर्क डिजाइन पर था। बताते चलें कि डनजो ने जनवरी 2022 में भारत में अपने बिजनेस को बड़ा करने के लिए 240 मिलियन डॉलर जुटाए थे, जिसमें रिलायंस रिटेल वेन्चर्स की अहम भूमिका रही थी। बताते चलें कि डनजो फिलहाल दिल्ली और मुंबई के अलावा बेंगलुरू, पुणे, गुरुग्राम, हैदराबाद और चेन्नई में सेवाएं देती है।
