मोबाइल रिचार्ज इस वक्त देश की सबसे बड़ी आम समस्याओं में से एक है, क्योंकि हर कोई महंगे रिचार्ज प्लान से परेशान है। साल 2016 से पहले यानी जियों के आने से पहले सिम कार्ड के साथ कम-से-कम इनकमिंग की सुविधा बिना रिचार्ज के भी उपलब्ध थी लेकिन अब ऐसा नहीं है।
अब आपको इनकमिंग के लिए भी रिचार्ज कराना पड़ता है, नहीं तो सिम कार्ड को बंद कर दिया जाता है और हर रोज कस्टमर केयर की ओर से कॉल/मैसेज आने लगते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यदि आप रिचार्ज नहीं कराते हैं तो कितने दिनों बाद आपका सिम कार्ड बंद हो जाता है? आइए विस्तार से जानते हैं...
TRAI के क्या हैं नियम?
सिम कार्ड से जुड़ी सेवाओं को लेकर टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं। इन नियमों के अनुसार, अगर कोई यूजर अपने नंबर पर समय पर रिचार्ज नहीं कराता है, तो सेवाएं धीरे-धीरे सीमित होती जाती हैं और अंततः सिम बंद कर दिया जाता है।
15 दिन में बंद हो जाती हैं आउटगोइंग सेवाएं
अगर आप अपने सिम पर रिचार्ज नहीं कराते हैं, तो सबसे पहले असर आपकी आउटगोइंग सेवाओं पर पड़ता है। आमतौर पर 15 दिनों के भीतर कॉल और SMS की आउटगोइंग सुविधा बंद कर दी जाती है, हालांकि इस दौरान यूजर्स को कुछ समय तक इनकमिंग कॉल और मैसेज मिलते रहते हैं, जिससे उन्हें रिचार्ज कराने का मौका मिल सके। वैसे आजकल तो रिचार्ज की वैधता खत्म होते ही आउटगोइंग कॉल बंद कर दी जाती है।
इसके बाद इनकमिंग सेवाएं भी हो जाती हैं बंद
यदि यूजर इसके बाद भी रिचार्ज नहीं कराता, तो अगला चरण इनकमिंग सेवाओं का होता है। कुछ समय बाद इनकमिंग कॉल और SMS भी बंद कर दिए जाते हैं। इस स्थिति में सिम कार्ड केवल नाम मात्र का रह जाता है और किसी भी प्रकार की सेवा उपलब्ध नहीं रहती।
60 से 90 दिन में सिम हो जाता है पूरी तरह बंद
अधिकतर मामलों में 60 से 90 दिनों के भीतर सिम कार्ड पूरी तरह डी-ए्क्टिवेट कर दिया जाता है। इसका मतलब है कि आपका नंबर अब नेटवर्क से पूरी तरह हट चुका होता है और उस पर कोई सेवा उपलब्ध नहीं रहती।
आपका नंबर किसी और को मिल सकता है
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अगर सिम 90 दिनों तक एक्टिव नहीं रहता है, तो टेलीकॉम कंपनी उस नंबर को दोबारा एक्टिव लिस्ट में डाल सकती है। यानी आपका पुराना नंबर किसी दूसरे यूजर को दिया जा सकता है। कुल मिलाकर कहें तो यदि आप 90 दिनों तक रिचार्ज नहीं कराते हैं तो आपका नंबर बंद हो जाएगा।
