Microsoft ने एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसका मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों और कंटेंट पब्लिशर्स के बीच लाइसेंसिंग प्रक्रिया को आसान बनाना है। इस नए प्लेटफॉर्म का नाम Publisher Content Marketplace (PCM) रखा गया है। कंपनी का कहना है कि इससे AI डेवलपर्स को नैतिक तरीके से कंटेंट सोर्स करने में मदद मिलेगी, वहीं पब्लिशर्स को उनके कंटेंट के AI उपयोग के बदले उचित भुगतान मिल सकेगा।
Microsoft Publisher Content Marketplac/Photo- Microsoft
AI और पब्लिशर्स के बीच दूरी होगी कम
Microsoft के मुताबिक, PCM एक ऐसा केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म है जहां न्यूज ऑर्गनाइजेशन, एजुकेशनल वेबसाइट्स, ब्लॉगर्स और इंडिविजुअल क्रिएटर्स तक, सभी अपने कंटेंट को AI सिस्टम्स के लिए लाइसेंस कर सकते हैं। जैसे ही कोई AI कंपनी या एजेंट इस मार्केटप्लेस में मौजूद कंटेंट को एक्सेस या रेफर करता है, उस कंटेंट के मूल पब्लिशर को उससे होने वाली कमाई में हिस्सा मिलेगा।
एक ही प्लेटफॉर्म पर शर्तें, ट्रैकिंग और भुगतान
Microsoft ने बताया कि इस मार्केटप्लेस के जरिए पब्लिशर्स अपनी लाइसेंसिंग और उपयोग की शर्तें खुद तय कर सकेंगे। यह देख सकेंगे कि उनका कंटेंट कहां और कैसे इस्तेमाल हो रहा है और उसी इंटरफेस पर भुगतान प्राप्त कर सकेंगे। इससे पब्लिशर्स के लिए प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी होगी और अलग-अलग AI कंपनियों से अलग-अलग डील करने की परेशानी कम होगी।
AI डेवलपर्स को भी होगा फायदा
AI डेवलपर्स के लिए यह प्लेटफॉर्म एक आसान रास्ता उपलब्ध कराएगा, जहां वे अपनी जरूरत के हिसाब से कंटेंट खोज सकेंगे और उसे कानूनी रूप से लाइसेंस कर पाएंगे। Microsoft के ब्लॉग पोस्ट में कहा गया है कि PCM में यूसेज-बेस्ड रिपोर्टिंग की सुविधा भी होगी, जिससे पब्लिशर्स यह समझ सकेंगे कि उनके कंटेंट की अब तक कितनी वैल्यू बनी है और भविष्य में वह कहां ज्यादा उपयोगी हो सकता है।
कई बड़े पब्लिशर्स के साथ मिलकर हुआ डिजाइन
Microsoft ने खुलासा किया है कि इस प्लेटफॉर्म को अमेरिका के कई बड़े पब्लिशर्स के साथ मिलकर डिजाइन किया गया है, जिनमें The Associated Press, Business Insider, Condé Nast, Hearst Magazines, People, USA Today और Vox Media शामिल हैं। फिलहाल, कंपनी AI डेवलपर्स और कंपनियों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। Microsoft के अनुसार, Yahoo पहले ही एक डिमांड पार्टनर के रूप में इससे जुड़ चुका है।
टेक्स्ट से लेकर इमेज तक मिलेगा सपोर्ट
PCM के तहत पब्लिशर्स Microsoft के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपना कंटेंट सबमिट कर सकते हैं। शुरुआत में इसमें टेक्स्ट और इमेज जैसे फॉर्मैट्स को सपोर्ट किया जाएगा और आगे चलकर अन्य मीडिया फॉर्मैट्स भी जोड़े जा सकते हैं। हर कंटेंट के साथ साफ तौर पर यह तय किया जाएगा कि AI सिस्टम उसे कैसे और कहां इस्तेमाल कर सकते हैं।
