स्मार्टफोन या लैपटॉप खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपकी जेब पर पहले से ज्यादा बोझ पड़ सकता है। दुनियाभर में मेमोरी चिप की कमी का असर अब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। भारत में पिछले एक साल के दौरान स्मार्टफोन की कीमतें 16.6 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं। लैपटॉप और टैबलेट भी महंगे हुए हैं। हालांकि, बाजार की तस्वीर हर डिवाइस के लिए एक जैसी नहीं है। ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और कई घरेलू उपकरणों की कीमतों में गिरावट जारी है। टेक्नोलॉजी बाजार अनुसंधान एवं विश्लेषण कंपनी टेकआर्क की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
मेमोरी चिप की कमी से महंगे हुए फोन-लैपटॉप, ईयरबड्स और घरेलू गैजेट्स हुए सस्ते
एक साल में स्मार्टफोन 16.6 प्रतिशत महंगे
PTI/भाषा के मुताबिक टेकआर्क ने जनवरी 2025 से अक्टूबर 2026 तक 13 श्रेणियों के 1,097 इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की ऑनलाइन कीमतों का अध्ययन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच स्मार्टफोन की कीमतों में 16.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। खास बात यह है कि जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच स्मार्टफोन की कीमतें 7.3 प्रतिशत कम हुई थीं। यानी जिस बाजार में पहले ग्राहकों को सस्ते फोन मिल रहे थे, वहां अब कीमतों का रुख बदल गया है।
लैपटॉप और टैबलेट भी हुए महंगे
मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है। अक्टूबर 2025 के बाद छह श्रेणियों के इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में गिरावट का रुख बदलकर बढ़ोतरी में तब्दील हो गया। इस दौरान लैपटॉप 13.5 प्रतिशत और टैबलेट 13.3 प्रतिशत महंगे हुए। स्मार्ट टीवी की कीमतों में 6.7 प्रतिशत, सुरक्षा कैमरों में 5.6 प्रतिशत और राउटर में 3.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
ईयरबड्स और रोबोट वैक्यूम क्लीनर हुए सस्ते
जहां ज्यादा मेमोरी इस्तेमाल करने वाले उपकरण महंगे हो रहे हैं, वहीं कम मेमोरी वाले उत्पादों की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच वायरलेस ईयरबड्स की कीमतें सबसे ज्यादा 16.3 प्रतिशत कम हुईं। रोबोट वैक्यूम क्लीनर 12.8 प्रतिशत और एयर प्यूरीफायर 10 प्रतिशत सस्ते हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और एयर फ्रायर जैसे उत्पादों में कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी कीमतें कम रखने की एक वजह है।
सस्ते फोन और लैपटॉप खरीदने वालों पर ज्यादा असर
रिपोर्ट की सबसे अहम बात यह है कि महंगाई का असर बजट डिवाइस खरीदने वाले ग्राहकों पर ज्यादा पड़ा है। 12,000 रुपये तक कीमत वाले स्मार्टफोन औसतन 21.9 प्रतिशत महंगे हुए हैं। इसके उलट, एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाले स्मार्टफोन 5.7 प्रतिशत सस्ते हुए। सबसे कम कीमत वाले एक-तिहाई लैपटॉप 20.1 प्रतिशत और टैबलेट 27.5 प्रतिशत महंगे हुए हैं। इसका मतलब है कि पहली बार स्मार्टफोन, लैपटॉप या टैबलेट खरीदने वाले ग्राहकों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
बड़े ब्रांड के मुकाबले छोटे ब्रांड ने बढ़ाए दाम
कंपनियों के हिसाब से भी कीमतों में अंतर देखने को मिला है। अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच सैमसंग के स्मार्टफोन 3.7 प्रतिशत और गूगल के फोन 0.3 प्रतिशत महंगे हुए। वहीं, नथिंग के फोन 22.1 प्रतिशत, रियलमी के 19.1 प्रतिशत और एआई प्लस के स्मार्टफोन 17.3 प्रतिशत महंगे हुए। स्मार्ट टीवी बाजार में शाओमी, सोनी, सैमसंग और एलजी ने कीमतें घटाईं, जबकि कम कीमत वाले ब्रांड ने करीब 8 से 13 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए।
