भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। एआई को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज है और इसके इस्तेमाल करने वाले यूजर्स की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। एआई की दुनिया की दिग्गज कंपनियों के लिए भारत इस समय निवेश के लिए बड़ा बाजार है। ऐसे में हर एक बड़ी एआई कंपनी की नजर भारत में है। इस बीच ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने भारत के लिए बड़ा ऐलान कर दिया है। ओपनएआई भारत में एक बड़ा डाटा सेंटर बनाने जा रही है।
ओपनएआई भारत में खोलेगा डेटा सेंटर। (फोटो क्रेडिट- Digit)
प्रोजेक्ट में 500 अरब डॉलर का निवेश
ओपनएआई के इस कदम की जानकारी ब्लूमबर्ग के सूत्रों से सामने आई है। अगर ओपनएआई भारत में डाटा सेंटर खोलता है तो इससे भारत के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिशा में बढ़ने को रफ्तार मिलेगी। ओपनएआई का भारत में यह डाटा सेंटर उसके स्टारगेट प्रोजेक्ट का हिस्सा होगा जिसमें कंपनी करीब 500 अरब डॉलर का निवेश करने की प्लानिंग कर रही है।
रिपोर्ट की मानें तो OpenAI भारत में जो डाटा सेंटर खोलेगी उसकी क्षमता करीब 1 गीगावाट की होगी। अगर यह इस कैपेसिटी के साथ खुलता है तो यह भारत में मौजूद सबसे बड़े डेटा सेंटर्स में से एक होगा। ओपनएआई के मुताबिक भारत में मौजूद बड़ी संख्या और भारत सरकार की एआई को लेकर अब तक उठाए गए कदम इस निवेश के कदम को सही ठहराते हैं।
आपको बता दें कि ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन इस सितंबर के महीने में भारत के दौरे पर आ सकते हैं और अपनी यात्रा के दौरान डाटा सेंटर की सुविधा का ऐलान कर सकते हैं। बता दें कि स्टारगेट प्रोजेक्ट का ऐलान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा जनवरी महीने में की गई थी। इस प्रोजेक्ट को सॉफ्टबैंक, ओपनएआई, और Oracle द्वारा फंड किया गया है।
क्या होते हैं डाटा सेंटर
डाटा सेंटर को आप एक लाइब्रेरी की तरह समझ सकते हैं। जिस तरह से एक लाइब्रेरी में कई तरह की बुक्स होती हैं और जब भी किसी को कोई नई जानकारी चाहिए होती तो वह लाइब्रेरी आकर अपनी जरूरत की बुक से जानकारी हासिल कर लेता है। ठीक इसी तरह डेटा सेंटर भी होते हैं। डेटा सेंटर में हजारों स्टोरेज डिवाइस और सर्वर मौजूद होते हैं। इन स्टोरेज डिवाइस में इंटरनेट से जुड़ी हर एक जानकारी होती है। आप जब भी अपने फोन पर कोई वीडियो देखते हैं, मूवी प्ले करते हैं या फिर गूगल पर कंटेंट सर्च करते हैं तो इन्हीं डाटा सेंटर से उसकी जानकारी आपके फोन या फिर लैपटॉप में पहुंचती है।
ChatGPT का ऑफिस
ChatGPT की तरफ से भी भारत में बड़ा कदम उठाया जा सकता है। कंपनी इस साल के आखिरी तक दिल्ली में अपना पहला ऑफिस खोल सकती है। इसको लेकर अगस्त के महीने में कहा गया था कि वह भारत में ऑफिस खोलने की प्लानिंग कर रही है। आपको बता दें कि ओपनएआई ने हाल ही में भारत के लिए ChatGPT का नया सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू किया है। इसकी कीमत सिर्फ 399 रुपये है।
