अगर आप ओप्पो या फिर वनप्लस के स्मार्टफोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। हाल ही में एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है कि 16 मार्च से कुछ स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ सकती हैं। कीमतें बढ़ने की वजह स्मार्टफोन्स के जरूरी कंपोनेंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी को बताया जा रहा है। हालांकि अभी भारत में मौजूद ओप्पो और वनप्लस की तरफ से इसको लेकर किसी भी तरह की ऑफिशियल जानकारी शेयर नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ओप्पो की तरफ से अपने ऑनलाइन स्टोर को एक नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस में कहा गया है कि 16 मार्च से कंपनी के स्मार्टफोन्स महंगे हो सकते हैं। फिलहाल यह नोटिस भारतीय वेबसाइट पर दिखाई नहीं गई है इसलिए हो सकता है कि यह फैसला सिर्फ चीन के बाजार या फिर किसी दूसरे बाजार के स्टोर के लिए हो।
बताया जा रहा है कि स्मार्टफोन में लगने वाले कई जरूरी पार्ट्स की कीमत बढ़ गई है और इसके साथ ही पार्ट्स की सप्लाई में भी कमी देखने को मिल रही है। इसी वजह से स्मार्टफोन मेकर कंपनियों को अपने प्रोडक्ट की कीमतों में बदलाव करने का फैसला लेना पड़ा है।
ओप्पो के इन फोन्स पर पड़ सकता है असर
ऐसा माना जा रहा है कि कीमत बढ़ने का असर सबसे पहले बजट स्मार्टफोन्स पर ज्यादा देखने को मिल सकता है। खासकर OPPO की K सीरीज और A सीरीज के कुछ फोन महंगे हो सकते हैं। इसके अलावा OnePlus के कुछ स्मार्टफोन्स की कीमत में भी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि OPPO की प्रीमियम सीरीज जैसे Find सीरीज, Reno सीरीज और Pad सीरीज फिलहाल अपनी मौजूदा कीमत पर ही बिक सकती हैं। यानी शुरुआत में कंपनियां अपने फ्लैगशिप प्रोडक्ट्स की कीमत बढ़ाने से बच सकती हैं। अगर आप स्मार्टफोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं आप अभी खरीदारी करके अपने पैसे बचा सकते हैं।
वनप्लस के ये फोन्स हो सकते हैं महंगे
फिलहाल इस बारे में अभी कोई सटीक जानकारी नहीं है कि स्मार्टफोन की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि अगर रिपोर्ट सही साबित होती है तो 15 से 20% तक स्मार्टफोन्स महंगे हो सकते हैं। OnePlus 15R की कीमत इस समय 47,999 रुपये है, लेकिन कीमत बढ़ने के बाद इसकी कीमत 50,000 रुपये तक की हो सकती है। ठीक इसी तरह OnePlus Nord Series और OnePlus 15 जैसे मौजूदा मॉडल भी महंगे हो सकते हैं। आपको बता दें कि साउथ कोरियन टेक जायंट सैमसंग पहले ही भारत में कई सारे स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ा चुका है।
