Monsoon Smartphone Tips: बारिश के दिनों में स्मार्टफोन को चार्ज करते समय थोड़ी सी लापरवाही बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है। इस मौसम में हवा में नमी ज्यादा होने के कारण कई बार फोन का चार्जिंग पोर्ट गीला हो सकता है। ऐसे में अगर बिना जांचे फोन को चार्जर से कनेक्ट कर दिया जाए, तो शॉर्ट-सर्किट होने का खतरा बढ़ जाता है। इससे फोन के अंदर के पार्ट्स, खासकर मदरबोर्ड को नुकसान पहुंच सकता है और रिपेयर में काफी पैसा खर्च हो सकता है।
स्मार्टफोन चार्जिंग में की गई लापरवाही आपका बड़ा नुकसान करा सकती है।(फोटो क्रेडिट-iStock)
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन पानी और धूल से बचाव के लिए IP रेटिंग के साथ आते हैं। इसका मतलब है कि हल्की बारिश या पानी की छींटों से फोन को आमतौर पर नुकसान नहीं पहुंचता। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि गीले फोन को तुरंत चार्ज पर लगा देना सुरक्षित है। अगर पानी चार्जिंग पोर्ट के अंदर चला गया है, तो चार्जिंग के दौरान समस्या हो सकती है।
महंगे फ्लैगशिप स्मार्टफोन में बेहतर वाटर रेजिस्टेंस देखने को मिलता है, इसलिए वे पानी के संपर्क में आने पर भी कई बार सुरक्षित रहते हैं। वहीं, मिड-रेंज और बजट स्मार्टफोन में कम सुरक्षा मिलती है, जिससे पानी की वजह से खराब होने का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए बारिश के मौसम में फोन चार्ज करने से पहले हमेशा यह सुनिश्चित करें कि चार्जिंग पोर्ट पूरी तरह सूखा हुआ हो। थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप अपने स्मार्टफोन को खराब होने से बचा सकते हैं और महंगे रिपेयर खर्च से भी बच सकते हैं।
बारिश में फोन चार्ज करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- फोन को चार्ज करने से पहले यह जरूर जांच लें कि उसका चार्जिंग पोर्ट पूरी तरह सूखा हुआ है। पोर्ट में नमी होने पर शॉर्ट-सर्किट का खतरा बढ़ सकता है। इससे फोन के साथ-साथ चार्जर भी खराब हो सकता है और आग लगने जैसी समस्या भी पैदा हो सकती है।
- अगर आप बारिश में भीग गए हैं और आपका फोन भी गीला हो गया है, तो उसे तुरंत चार्ज पर न लगाएं। पहले फोन को अच्छी तरह से सूखने दें, उसके बाद ही चार्ज करें।
- फोन को चार्ज करने से पहले चार्जर के USB पोर्ट को भी जरूर चेक करें। बारिश या नमी की वजह से चार्जर के पोर्ट में पानी पहुंच सकता है, जिससे चार्जर खराब हो सकता है।
- जिस इलेक्ट्रिक बोर्ड या सॉकेट में आप फोन चार्ज कर रहे हैं, उसे भी अच्छे से जांच लें। बारिश के मौसम में नमी की वजह से इलेक्ट्रिक बोर्ड में खराबी या शॉर्ट-सर्किट का खतरा हो सकता है।
- आजकल कई प्रीमियम स्मार्टफोन जैसे Google Pixel, Samsung Galaxy S Series और iPhone में चार्जिंग पोर्ट गीला होने पर अलर्ट मिल जाता है। ये फोन यूजर को पोर्ट सूखाने की सलाह देते हैं। कुछ नए एंड्रॉयड वर्जन में फोन सुरक्षा के लिए गीले USB पोर्ट को अस्थायी रूप से बंद भी कर देते हैं, जिसे पोर्ट सूखने के बाद दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
