साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह युवक सोशल मीडिया पर Qiao नाम से जाना जाता है और वह चीन के गुआंगडोंग प्रांत के हुइझोउ शहर का रहने वाला है। वह पेशे से कीमती धातुओं के स्क्रैप को रिफाइन करने का काम करता है। उसका एक वीडियो चीनी सोशल मीडिया पर 50 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
वीडियो में Qiao को सिम कार्ड्स को केमिकल से भरे ड्रम में डालते हुए देखा गया है। इसके बाद वह corrosion, displacement और heating जैसी रासायनिक प्रक्रियाओं के जरिए सोना अलग करता है।
फिल्टरिंग और गर्म करने के बाद आखिरकार वह शुद्ध सोना हासिल करता है। रिपोर्ट के अनुसार, उसने करीब दो टन इलेक्ट्रॉनिक स्क्रैप से यह सोना निकाला।
Qiao ने साफ किया कि सोना केवल सिम कार्ड से नहीं निकला, बल्कि टेलीकॉम इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न चिप वेस्ट से भी प्राप्त हुआ। उसका कहना है कि सिम कार्ड के कुछ जरूरी हिस्सों पर गोल्ड प्लेटिंग होती है, ताकि वे जंग से सुरक्षित रहें और लंबे समय तक काम करें। हालांकि, एक सामान्य सिम कार्ड में 0.01 ग्राम से भी कम सोना होता है।
चीनी सोशल मीडिया पर Qiao को लोग मजाक में “Alchemist” यानी रसायनविद कहने लगे हैं। एक यूजर ने लिखा, “जब मैं इंटरनेट कैफे चलाता था, तब मैंने ढेर सारी चिप्स फेंक दीं, अब अफसोस हो रहा है।” वहीं दूसरे ने कहा, “Qiao प्रोफेशनल है, यह काम हर किसी के बस का नहीं।”
Qiao की वीडियो के बाद कई लोग पुराने सिम कार्ड खरीदने की कोशिश करने लगे। हालांकि, Qiao ने साफ चेतावनी दी कि यह वीडियो किसी को सोना निकालने के लिए प्रेरित करने के मकसद से नहीं था।
उसने कहा कि वह सरकारी अनुमति और सर्टिफिकेशन के तहत ई-वेस्ट रिफाइन करता है। साथ ही उसने आगाह किया कि शौकिया तौर पर ऐसा करना खतरनाक और गैरकानूनी हो सकता है।