टेक एंड गैजेट्स

भारत में बनेंगे हाई-टेक ड्रोन, पार्ट्स बनाने के लिए ऑप्टिमस ने ताइवान की एविक्स से मिलाया हाथ

Make in India high-tech drone: इस साझेदारी की घोषणा ऑप्टिमस इंफ्राकॉम लिमिटेड की सहायक कंपनी ऑप्टिमस अनमैन्ड सिस्टम्स द्वारा ‘मिलिपोल इंडिया एक्जीबिशन 2025’ में चार एडवांस ड्रोन लॉन्च करने के साथ की गई। 'एविक्स' को यूएवी डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक्स में उसकी विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है।

Image

ड्रोन (image-istock)

Make in India high-tech drone: ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा देते हुए 'ऑप्टिमस अनमैन्ड सिस्टम्स' ने बुधवार को घोषणा की कि उसने देश में हाई-परफॉर्मेंस ड्रोन कैमरा, जिंबल और रिलेटेड कंपोनेंट्स को संयुक्त रूप से विकसित और निर्मित करने के लिए ताइवान स्थित एविक्स टेक्नोलॉजी के साथ साझेदारी का हाथ आगे बढ़ाया है।

इस कदम का उद्देश्य देश में एक आत्मनिर्भर डिफेंस टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम का निर्माण करना है। इस साझेदारी की घोषणा ऑप्टिमस इंफ्राकॉम लिमिटेड की सहायक कंपनी ऑप्टिमस अनमैन्ड सिस्टम्स द्वारा ‘मिलिपोल इंडिया एक्जीबिशन 2025’ में चार एडवांस ड्रोन लॉन्च करने के साथ की गई।

'एविक्स' को यूएवी डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक्स में उसकी विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है। इस सहयोग के माध्यम से एविक्स अपनी कटिंग-एज टेक्नोलॉजी भारत में लाएगी। दूसरी ओर, ऑप्टिमस लोकल डिफेंस जरूरतों और इन-हाउस विनिर्माण क्षमताओं की अपनी गहरी समझ का योगदान देगा।

ऑप्टिमस ग्रुप के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा, "हमें कटिंग-एज टेक्नोलॉजी के साथ भारत के रक्षा आधुनिकीकरण में योगदान देने पर गर्व है, जो न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ाता है, बल्कि सरकार के 'मेक इन इंडिया' विजन का भी समर्थन करता है।"

गुप्ता ने कहा, "एविक्स के साथ हमारा सहयोग एक मजबूत घरेलू मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के निर्माण में एक मील का पत्थर है।" एविक्स टेक्नोलॉजीज के सीईओ कूपर चांग ने कहा, "यह साझेदारी कंपोनेंट सप्लाई से अलग है। साथ मिलकर, हम भारत के रक्षा परिदृश्य के अनुरूप एडवांस ड्रोन टेक्नोलॉजी का सह-निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

इस विजन के अनुरूप ही ऑप्टिमस अनमैन्ड सिस्टम्स ने चार नए ड्रोन, मारक वीटी100, वज्र क्यूसी55, लोइटरिंग म्यूनिशन और फर्स्ट-पर्सन व्यू (एफपीवी) ड्रोन को भी पेश किया। इन्हें रक्षा, निगरानी और टोही अभियानों में उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है। ड्रोन हाई-एल्टीट्यूड और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर (ईडब्ल्यू) वातावरण में काम कर सकता है, जिसमें ऐसे क्षेत्र भी शामिल हैं, जहां जीपीएस (जीएनएसएस) सिग्नल उपलब्ध नहीं हैं।

इसकी एक मुख्य विशेषता एफपीवी ड्रोन में ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) नेविगेशन का इस्तेमाल है, जो उन्हें इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग से प्रभावित हुए बिना काम करने की अनुमति देता है। ऑप्टिमस अनमैन्ड सिस्टम कई भारतीय कंपोनेंट निर्माताओं और सप्लायर्स के साथ भी सहयोग कर रहा है, जो प्रदर्शनी में अपने ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को शोकेस कर रहे हैं।

इनपुट-आईएएनएस

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article