भारतीय स्मार्टफोन कंपनी Lava ने अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Lava Bold N2 5G भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया। यह फोन बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और 5G कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स के साथ आता है। कंपनी ने इसे इस साल की शुरुआत में लॉन्च किए गए 4G वेरिएंट के अपग्रेड के रूप में पेश किया है।
कीमत और उपलब्धता
Lava Bold N2 5G को 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले एकमात्र वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 12,999 रुपये रखी गई है। हालांकि लॉन्च ऑफर के तहत ग्राहक इसे 11,999 रुपये में खरीद सकेंगे। यह स्मार्टफोन Billionaire Blue और Regal Gold रंगों में उपलब्ध होगा। इसकी बिक्री 9 जून 2026 को दोपहर 12 बजे से Amazon पर शुरू होगी।
डिस्प्ले और डिजाइन
फोन में 6.75 इंच का HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। स्क्रीन में वाटरड्रॉप नॉच डिजाइन मिलता है, जिसमें फ्रंट कैमरा मौजूद है। इसके अलावा फोन को IP64 रेटिंग मिली है, जो इसे धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा प्रदान करती है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
Lava Bold N2 5G में 6nm तकनीक पर आधारित ऑक्टा-कोर Unisoc T8200 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 4GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 पर चलता है, जिससे यूजर्स को नए फीचर्स और बेहतर सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
कैमरा फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए फोन में AI आधारित डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसका मुख्य कैमरा 13 मेगापिक्सल का है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। सिक्योरिटी के लिए फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है।
6000mAh की बड़ी बैटरी
फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6000mAh बैटरी है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी एक बार चार्ज करने पर लंबा बैकअप देने में सक्षम है। फोन 18W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है, हालांकि बॉक्स में 10W का चार्जर दिया जाएगा। कंपनी का दावा है कि यह बैटरी एक चार्ज में 815 मिनट तक YouTube प्लेबैक और 743 मिनट तक स्क्रीन-ऑन टाइम दे सकती है।
ग्राहकों को मिलेगी डोरस्टेप सर्विस
Lava ने इस स्मार्टफोन के साथ डोरस्टेप आफ्टर-सेल्स सर्विस की सुविधा भी देने का वादा किया है। यानी किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में ग्राहकों को सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
