टेक एंड गैजेट्स

एक महीने में ही Jio-Airtel-Vi के 1 करोड़ ग्राहक कम, BSNL ने मचाई तबाही!

Jio Airtel Vi Lose 1 Crore Subscribers: दरअसल, बीएसएनएल सक्रिय रूप से ग्राहकों को लुभाने और बाजार हिस्सेदारी वापस पाने की कोशिश कर रही है। कंपनी ने हाल ही में ‘स्पैम ब्लॉकर्स’ से लेकर स्वचालित सिम ‘कियोस्क’ और ‘डायरेक्ट-टू-डिवाइस’ सेवाओं तक कई नई पेशकश और पहल शुरू की हैं।

Image

TRAI

Jio Airtel Vi Lose 1 Crore Subscribers: निजी दूरसंचार कंपनियों- रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआईएल) ने सितंबर में संयुक्त रूप से एक करोड़ से अधिक मोबाइल ग्राहक खो दिए, जबकि सरकारी स्वामित्व वाली भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने सबको आश्चर्यचकित करते हुए इस दौरान लगभग 8.5 लाख मोबाइल यूजर्स जोड़े। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा जारी मासिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

जियो के ग्राहक हुए कम

रिलायंस जियो ने पिछले महीने की तुलना में सितंबर में 79.69 लाख मोबाइल ग्राहक खो दिए, भारती एयरटेल ने 14.34 लाख ग्राहक और वोडाफोन आइडिया ने 15.53 लाख ग्राहक खोये। बीएसएनएल के वायरलेस ग्राहकों की संख्या सितंबर में मासिक आधार पर 8.49 लाख बढ़ गई। सितंबर में रिलायंस जियो के वायरलेस ग्राहकों की संख्या 46.37 करोड़, भारती एयरटेल के ग्राहकों की संख्या 38.34 करोड़ तो वोडाफोन आइडिया के वायरलेस ग्राहकों की संख्या 21.24 करोड़ दर्ज की गई।

फिलहाल BSNL नहीं बढ़ाएगी टैरिफ

इस दौरान बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या 9.18 करोड़ हो गई। इससे पहले जुलाई में तीनों निजी कंपनियों ने मोबाइल दरों में 10-27 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। हालांकि, बीएसएनएल ने अपने बड़े प्रतिद्वंद्वियों के नक्शेकदम पर चलने से परहेज किया। इसके चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रॉबर्ट रवि ने हाल ही में निकट भविष्य में शुल्क में वृद्धि से इनकार किया। रवि ने अक्टूबर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम स्पष्ट रूप से कह सकते हैं कि हम निकट भविष्य में अपने शुल्क (टैरिफ) में वृद्धि नहीं करने जा रहे हैं।’’

BSNL नई सर्विस पर कर रहा काम

दरअसल, बीएसएनएल सक्रिय रूप से ग्राहकों को लुभाने और बाजार हिस्सेदारी वापस पाने की कोशिश कर रही है। कंपनी ने हाल ही में ‘स्पैम ब्लॉकर्स’ से लेकर स्वचालित सिम ‘कियोस्क’ और ‘डायरेक्ट-टू-डिवाइस’ सेवाओं तक कई नई पेशकश और पहल शुरू की हैं।

ट्राई के ग्राहक आंकड़ों के अनुसार, ओडिशा को छोड़कर बाकी सभी सर्विस क्षेत्रों में सितंबर, 2024 के दौरान वायरलेस ग्राहकों की संख्या में गिरावट देखी गई।

अगस्त में घटी ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या

ट्राई ने कहा, ‘‘अगस्त, 2024 में 1,219 संचालकों की तुलना में सितंबर, 2024 में 1,167 संचालकों से मिली जानकारी के अनुसार, कुल ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या अगस्त, 2024 के अंत में 94.92 करोड़ से घटकर सितंबर, 2024 के अंत में 94.44 करोड़ रह गई। इसमें मासिक गिरावट दर 0.51 प्रतिशत रही।’’ सितंबर, 2024 के अंत में जियो 47.7 करोड़ ग्राहकों की संख्या के साथ ब्रॉडबैंड ग्राहकों (वायर्ड और वायरलेस) की सूची में सबसे ऊपर थी। उसके बाद भारती एयरटेल (28.5 करोड़) और वोडाफोन इंडिया (12.6 करोड़) का स्थान था। बीएसएनएल 3.7 करोड़ ग्राहकों की संख्या के साथ उस सूची में चौथे स्थान पर थी।

सितंबर, 2024 के अंत तक भारत के कुल वायरलेस ग्राहकों की संख्या घटकर 115.37 करोड़ रह गई, जिससे मासिक गिरावट दर 0.87 प्रतिशत दर्ज की गई। शहरी और ग्रामीण वायरलेस ग्राहकों की मासिक गिरावट दर क्रमशः 0.80 प्रतिशत और 0.95 प्रतिशत रही।

इनपुट- भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article