रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2026-27 की तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के मुताबिक जून 2026 तक जियो के कुल ग्राहकों की संख्या 53.33 करोड़ हो गई है, जबकि इनमें से 28.5 करोड़ ग्राहक जियो True5G नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं यानी अभी भी 24.83 करोड़ ग्राहकों के पास 5जी नहीं पहुंचा है। खास बात यह है कि पिछले एक साल में कंपनी ने 7.3 करोड़ नए 5G यूजर्स जोड़े हैं।
हर महीने एक ग्राहक कर रहा 43.7GB डेटा की खपत
जियो के नेटवर्क पर डेटा खपत भी लगातार बढ़ रही है। कंपनी के मुताबिक, प्रति ग्राहक औसतन 43.7GB डेटा हर महीने इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, पहली तिमाही के दौरान कुल डेटा ट्रैफिक सालाना आधार पर 26.9 प्रतिशत बढ़कर 69.4 बिलियन GB तक पहुंच गया। कंपनी का कहना है कि उसके नेटवर्क पर 5G डेटा ट्रैफिक अब 4G डेटा ट्रैफिक की तुलना में करीब 1.5 गुना अधिक हो चुका है।
53.33 करोड़ के पार पहुंचा ग्राहक आधार
मोबाइल ग्राहकों की संख्या के मामले में भी जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया है। अप्रैल से जून 2026 के बीच कंपनी ने 89 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े। इसके साथ ही जून 2026 तक जियो का कुल सब्सक्राइबर बेस बढ़कर 53.33 करोड़ हो गया।
फिक्स्ड ब्रॉडबैंड और AirFiber ने भी दिखाई दमदार बढ़त
जियो की फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सेवाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। जून 2026 तक कंपनी के कुल फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 2.86 करोड़ पहुंच गई। पिछले 12 महीनों में करीब 86 लाख नए ग्राहक जुड़े, जिससे इस सेगमेंट में जियो का बाजार हिस्सा 43 प्रतिशत से अधिक हो गया।
वहीं, जियो AirFiber का प्रदर्शन भी शानदार रहा। कंपनी के अनुसार, AirFiber के कुल ग्राहकों की संख्या 1.4 करोड़ से अधिक हो चुकी है और पिछले एक साल में फिक्स्ड ब्रॉडबैंड श्रेणी में जुड़े नए ग्राहकों में 75 प्रतिशत से ज्यादा योगदान अकेले AirFiber का रहा।
मुनाफे और कमाई में भी दर्ज हुई बढ़ोतरी
जियो प्लेटफॉर्म्स का वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत रहा। पहली तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 15.1 प्रतिशत बढ़कर 20,865 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। EBITDA मार्जिन 53.3 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्तर है। इसके अलावा, जियो का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) भी पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 9.2 प्रतिशत बढ़कर 7,764 करोड़ रुपये हो गया।
