टेक एंड गैजेट्स

आपका स्मार्टफोन भी तो चोरी का या नकली तो नहीं, एक मैसेज से खुल जाएगी कुंडली

हो सकता है कि आपके हाथ में पड़ा स्मार्टफोन नकली हो या फिर चोरी का हो और आपको जानकारी भी ना हो, हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं कि चोरी और नकली के स्मार्टफोन बाजार में खूब बिक रहे हैं।

Image

आपका स्मार्टफोन भी तो चोरी का या नकली तो नहीं, एक मैसेज से खुल जाएगा पूरा राज

देश की राजधानी नई दिल्ली में हाल ही में नकली स्मार्टफोन फैक्ट्री का पुलिस ने फंडाफोड़ किया है। यहां सैमसंग से लेकर वनप्लस और रियलमी तक के नकली फोन बन रहे थे। देश के कई राज्यों में इन नकली मोबाइल की सप्लाई भी हो रही थी। आप नया स्मार्टफोन खरीद रहे हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपका फोन असली ही हो। हो सकता है कि आपके पास इन्हीं फैक्ट्री का नकली फोन है, हालांकि आप तीन तरीके से चेक कर सकते हैं कि आपके पास जो फोन है वह असली है या नकली। आइए जानते हैं...

चोरी के फोन भी बिक रहे

भारत में चोरी के स्मार्टफोन भी बाजार में खूब बिकते हैं। इसके अलावा सेकेंड हैंड स्मार्टफोन का मार्केट भी है। बड़ी संख्या में लोग पुराने या रिफर्बिश्ड फोन खरीद रहे हैं, लेकिन इसके साथ एक जोखिम भी जुड़ा हुआ है। कई बार ग्राहकों को नकली, क्लोन या चोरी के स्मार्टफोन भी बेच दिए जाते हैं। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि आपका फोन असली है या नहीं।

IMEI नंबर से करें फोन की पहचान

हर मोबाइल फोन का एक यूनिक IMEI (इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी) नंबर होता है, जिसके जरिए उसकी पहचान की जा सकती है। यदि किसी फोन का IMEI नंबर ब्लॉक हो चुका है या रिकॉर्ड में नहीं है, तो वह डिवाइस संदिग्ध हो सकती है।

CEIR वेबसाइट से करें ऑनलाइन जांच

फोन की प्रामाणिकता जांचने का सबसे आसान तरीका दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल का इस्तेमाल करना है। इसके लिए सबसे पहले CEIR की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपने मोबाइल नंबर तथा ओटीपी की मदद से लॉगिन करें। इसके बाद अपने स्मार्टफोन का IMEI नंबर दर्ज करें। यदि जांच के दौरान IMEI नंबर ब्लॉक दिखाया जाता है, तो यह संकेत हो सकता है कि डिवाइस चोरी की है या उसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।

SMS भेजकर भी पता कर सकते हैं सच्चाई

यदि आप वेबसाइट का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, तो SMS के जरिए भी फोन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के मैसेज बॉक्स में KYM टाइप करें, फिर स्पेस देकर अपना 15 अंकों का IMEI नंबर लिखें और इसे 14422 पर भेज दें। कुछ ही समय में आपको फोन से संबंधित जानकारी प्राप्त हो जाएगी, जिससे डिवाइस की स्थिति का पता लगाया जा सकता है।

Know Your Mobile

Know Your Mobile

IMEI नंबर नहीं पता? ऐसे करें चेक

कई यूजर्स को अपने फोन का IMEI नंबर पता नहीं होता। ऐसी स्थिति में फोन के डायलर में *#06# टाइप करें। इसके बाद स्क्रीन पर IMEI नंबर दिखाई देगा। यदि आपका स्मार्टफोन ड्यूल सिम सपोर्ट करता है, तो दो अलग-अलग IMEI नंबर दिखाई देंगे। इनमें से किसी भी एक नंबर का उपयोग करके फोन की जानकारी हासिल की जा सकती है।

KYM ऐप से भी मिल जाएगी पूरी जानकारी

सरकार की "Know Your Mobile (KYM)" सुविधा के जरिए भी फोन की जांच की जा सकती है। KYM एप में IMEI नंबर दर्ज करने पर डिवाइस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ जाती है। यदि ऐप में आपके फोन का IMEI नंबर उपलब्ध नहीं है या उसकी स्थिति "Blocked" दिखाई देती है, तो यह संकेत हो सकता है कि फोन नकली, क्लोन या चोरी का है।

फोन खरीदने से पहले जरूर करें जांच

सेकेंड हैंड या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से स्मार्टफोन खरीदने से पहले IMEI वेरिफाई जरूर करना चाहिए। इससे नकली या चोरी के फोन खरीदने के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है और भविष्य में कानूनी या तकनीकी परेशानियों से बचा जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article