कर्नाटक के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल ने जानकारी दी है कि बेंगलुरु के नजदीक देवनहल्ली आईटीआईआर में फॉक्सकॉन की निर्माण इकाई अब लॉन्च के लिए तैयार है। जून की शुरुआत में इस यूनिट से कमर्शियल आईफोन की शिपिंग शुरू होने की संभावना है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी पोस्ट में मंत्री ने बताया कि यह केवल निर्माण से जुड़ा कदम नहीं है, बल्कि भारत को एप्पल के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक रणनीतिक बदलाव भी है। भू-राजनीतिक दबावों और वैश्विक टैरिफ चुनौतियों के चलते भारत अब एप्पल के लिए एक पसंदीदा विनिर्माण केंद्र बन रहा है।
फॉक्सकॉन की बेंगलुरु यूनिट से आईफोन की शिपमेंट जून में हो सकती है शुरू
भारत बनेगा आईफोन असेंबली का केंद्र
रिपोर्ट्स के अनुसार, एप्पल अगले साल तक अमेरिका में बेचे जाने वाले आईफोन की पूरी असेंबली भारत में शिफ्ट कर सकता है। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने भी पुष्टि की है कि जून तिमाही के दौरान अमेरिका में बिकने वाले अधिकांश आईफोन भारत में निर्मित होंगे। बेंगलुरु में फॉक्सकॉन की इस नई यूनिट की उत्पादन क्षमता 20 मिलियन आईफोन प्रति वर्ष होगी। इससे भारत की मैन्युफैक्चरिंग ताकत को और मजबूती मिलेगी।
भारत में बढ़ रहा एप्पल का उत्पादन और निर्यात
2023 में भारत में 22 बिलियन डॉलर मूल्य के आईफोन का उत्पादन हुआ, जिसमें फॉक्सकॉन ने एप्पल के निर्यात में लगभग 50% का योगदान दिया। पिछले साल की तुलना में फॉक्सकॉन की ओर से आईफोन के निर्यात में 40% से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई है। आज, एप्पल के वैश्विक आईफोन उत्पादन का करीब 20% हिस्सा भारत में बनता है, जो भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
भारतीय बाजार में एप्पल की रिकॉर्ड बिक्री
2025 की पहली तिमाही में भारत से 3 मिलियन से अधिक आईफोन की शिपिंग हुई है, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। यह देश में ब्रांड की मजबूत पकड़ और बढ़ती मांग को दर्शाता है।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
