India’s Weak Passwords of 2024: अक्सर लैपटॉप-मोबाइल और लॉगिन आईडी के लिए मजबूत पासवर्ड बनाने और उसे समय-समय पर बदलने की सलाह दी जाती है। लेकिन इसके बावजूद लोगों की पसंदीदा पासवर्ड इतने आसान होते हैं, जिन्हें 1 सेकेंड में क्रैक किया जा सकता है। और ऐसी लापरवाही आपको हैकिंग का शिकार बना सकती है। यहां हम आपको भारतीयों के सबसे पसंदीदा और सबसे आसान पासवर्ड के बारे में बता रहे हैं, जो आपको अपना पासवर्ड भूलकर भी नहीं बनाना है। वहीं सुरक्षित पासवर्ड बनाने का तरीका भी देखेंगे।
भारत के सबसे कमजोर पासवर्ड
नॉर्डपास (NordPass) ने "टॉप 200 मोस्ट कॉमन पासवर्ड्स" का छठा वर्जन पब्लिश किया है, जिसमें भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले 20 पासवर्ड बताए गए हैं। यह पासवर्ड इतने आसान हैं कि इन्हें सेकेंडों में ही क्रैक किया जा सकता है। बता दें कि पासवर्ड हमारे स्मार्टफोन, लैपटॉप, बैंक अकाउंट और अन्य सर्विस के लिए पहला सुरक्षा कदम है और इसे ढीला रखने से आपका अकाउंट हैक हो सकता है।
सबसे आसान टॉप-20 पासवर्ड
- 123456
password - 12345678
- 123456789
- abcd1234
- 12345
- qwerty123
- 1234567890
- india123
- 1qaz@WSX
- qwerty1
- qwerty
- 1234567
- Password
- India123
- Indya123
- qwertyuiop
- 111111
- admin
- abc123
1 सेकेंड में क्रैक हो सकता है पासवर्ड
दुनिया भर के 44 देशों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले पासवर्ड की सूची बनाने के लिए मशहूर नॉर्डपास ने अपने सालाना टॉप 200 सबसे आम पासवर्ड के छठे वर्जन में "123456" को सबसे आम पासवर्ड बताया है। भारत और दुनिया भर में "123456" पासवर्ड का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। रिसर्च में दुनिया भर के लगभग 3,018,050 यूजर्स को शामिल किया गया जिन्होंने इस पासवर्ड का इस्तेमाल किया। अकेले भारत में 76,981 लोग "123456' को अपने पासवर्ड के तौर पर इस्तेमाल करते पाए गए। जो मात्र 1 सेकेंड में ही क्रैक किया जा सकता है।
कैसे बनाएं मजबूत पासवर्ड
लंबा पासवर्ड चुनें: आपका पासवर्ड कम से कम 12-16 अक्षरों का होना चाहिए। लंबा पासवर्ड अधिक सुरक्षित होता है क्योंकि इसे क्रैक करना कठिन हो जाता है।
अक्षरों और सिंबल का मिश्रण करें: पासवर्ड में बड़े और छोटे अक्षरों (A-Z, a-z), अंकों (0-9), और विशेष सिंबल (@, #, $, %, & आदि) का उपयोग करें।
आसान शब्दों से बचें: सामान्य शब्द, नाम, या तार्किक क्रम (जैसे "123456" या "password") पासवर्ड में शामिल न करें। ऐसे पासवर्ड हैक करना आसान होता है।
यूनिक बनाएं: हर अकाउंट के लिए एक अलग पासवर्ड का उपयोग करें। यदि एक पासवर्ड लीक हो जाए, तो अन्य अकाउंट सुरक्षित रहेंगे।
पासफ्रेज का उपयोग करें: एक छोटा वाक्यांश चुनें और उसमें अक्षरों, अंकों, और प्रतीकों को जोड़ें। उदाहरण: "I@loveDogs2024!"।
पासवर्ड मैनेजर का उपयोग करें: एक पासवर्ड मैनेजर ऐप आपको जटिल और यूनिक पासवर्ड बनाने और सुरक्षित रूप से सेव करने में मदद करेगा।
