भारत के लोग किसी भी मामले में एकदम अति कर देते हैं। चाहे कोई एआई टूल हो या नया मोबाइल ऐप, भारत के लोग उसे वायरल कर देते हैं। आपको भी मालूम होगा कि चैटजीपीटी भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। अब ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) ने कहा है कि भारतीय यूजर्स ने ChatGPT Images 2.0 फीचर इस्तेमाल करने का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
भारतीयों ने एक महीने में ChatGPT Images 2.0 से बनवा ली 1 अरब तस्वीरें, सीईओ ने कहा- इनके जैसा कोई नहीं
भारत के यूजर्स ने ChatGPT Images 2.0 का इस्तेमाल करते हुए एक अरब से ज्यादा तस्वीरें तैयार की हैं। खास बात यह है कि यह उपलब्धि फीचर के लॉन्च होने के एक महीने से भी कम समय में हासिल हुई है। OpenAI ने यह नया इमेज जनरेशन मॉडल 21 अप्रैल को ChatGPT प्लेटफॉर्म पर जारी किया था।
भारत बना सबसे बड़ा मार्केट
OpenAI के अनुसार, लॉन्च के बाद से भारत इस फीचर का दुनिया का सबसे बड़ा यूज मार्केट बन गया है। सैम ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत में पहले ही 1 अरब से ज्यादा इमेज बनाई जा चुकी हैं, यह देखना शानदार है।” कंपनी का कहना है कि ChatGPT Images 2.0 ने इमेज क्वालिटी और प्रॉम्प्ट समझने की क्षमता में बड़ा सुधार किया है, जिसकी वजह से यूज़र्स तेजी से इस फीचर की ओर आकर्षित हुए।
ये ट्रेंड्स रहे सबसे ज्यादा लोकप्रिय
OpenAI ने उन लोकप्रिय प्रॉम्प्ट्स की जानकारी भी साझा की, जिनकी मदद से सबसे ज्यादा तस्वीरें बनाई गईं। इनमें “Cinematic Portrait Collage” काफी ट्रेंड में रहा, जिसमें AI यूज़र की गर्म टोन वाली स्टूडियो-स्टाइल फोटो कोलाज तैयार करता है। भारतीय कपड़ों और प्रोफेशनल लाइटिंग के साथ बनाई गई ये तस्वीरें लोगों को काफी पसंद आईं। इसके अलावा “Mini Me World” ट्रेंड भी खूब चला, जहां AI यूज़र के 3D एनिमेटेड वर्जन को उनकी वास्तविक लोकेशन के आसपास दिखाता है।
फोटो एडिटिंग से लेकर एनीमे तक का क्रेज
भारतीय यूज़र्स ने इस फीचर का इस्तेमाल सिर्फ नई तस्वीरें बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि पुरानी तस्वीरों को रिस्टोर करने, फोटो की लाइटिंग सुधारने और फैशन स्टूडियो जैसी प्रोफेशनल इमेज तैयार करने के लिए भी किया। इसके अलावा एनीमे-स्टाइल फोटो, चिबी स्टिकर्स, ट्रैवल कोलाज और मंगा कॉमिक स्ट्रिप्स जैसे ट्रेंड्स भी काफी लोकप्रिय रहे।
कई भाषाओं को सपोर्ट करता है मॉडल
OpenAI का कहना है कि ChatGPT Images 2.0 अब हिंदी, बंगाली, चीनी, जापानी और कोरियन जैसी कई भाषाओं को सपोर्ट करता है। यही वजह है कि भारतीय यूज़र्स अपनी भाषा में भी डिटेल प्रॉम्प्ट लिखकर बेहतर रिजल्ट हासिल कर पा रहे हैं। कंपनी के मुताबिक नया मॉडल लंबी और जटिल कमांड को भी बेहतर तरीके से समझता है और टेक्स्ट रेंडरिंग के साथ इमेज की अलग-अलग लेयर्स को अधिक सटीकता से संभाल सकता है।
