घर की सुरक्षा के लिए आजकल CCTV कैमरा लगवाना आम बात हो गई है। गांव से लेकर शहर तक में लोग कैमरे लगवा रहे हैं, लेकिन कई लोग केवल कम कीमत या आकर्षक ऑफर देखकर कैमरा खरीद लेते हैं, जिसके बाद उन्हें खराब वीडियो क्वालिटी, स्टोरेज की समस्या या बार-बार खराब होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर आप नया CCTV कैमरा खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। सही कैमरा चुनने से न केवल आपकी सुरक्षा बेहतर होगी, बल्कि आपके पैसे भी सही जगह खर्च होंगे।
CCTV कैमरा खरीदें तो ये 5 चीजें जरूर चेक कर लें
1. कैमरे की वीडियो क्वालिटी जरूर देखें
CCTV कैमरा खरीदते समय सबसे पहले उसकी रिजॉल्यूशन पर ध्यान दें। आज के समय में कम से कम 1080p (Full HD) कैमरा लेना बेहतर माना जाता है। यदि बजट अच्छा है, तो 2K या 4K कैमरा भी चुन सकते हैं। हाई रिजॉल्यूशन कैमरे में चेहरा, वाहन का नंबर और अन्य जरूरी चीजें ज्यादा स्पष्ट दिखाई देती हैं।
2. नाइट विजन कितना प्रभावी है
सिर्फ दिन में अच्छी रिकॉर्डिंग काफी नहीं होती। चोरी या अन्य घटनाएं अक्सर रात के समय होती हैं। इसलिए ऐसा कैमरा चुनें जिसमें इन्फ्रारेड (IR) या कलर नाइट विजन की सुविधा हो। साथ ही यह भी देखें कि कैमरा रात में कितनी दूरी तक साफ रिकॉर्डिंग कर सकता है।
3. स्टोरेज और रिकॉर्डिंग का विकल्प समझें
कैमरा खरीदने से पहले यह जरूर पता करें कि उसमें मेमोरी कार्ड, हार्ड डिस्क (DVR/NVR) या क्लाउड स्टोरेज का कौन-सा विकल्प मिलता है। यदि क्लाउड स्टोरेज है, तो यह भी जान लें कि उसके लिए अलग से मासिक या वार्षिक शुल्क देना होगा या नहीं।
4. मोबाइल ऐप और स्मार्ट फीचर्स की जांच करें
आजकल अधिकांश स्मार्ट CCTV कैमरे मोबाइल ऐप के जरिए कहीं से भी लाइव वीडियो देखने की सुविधा देते हैं। खरीदने से पहले यह सुनिश्चित करें कि कैमरे में मोशन डिटेक्शन, रियल-टाइम अलर्ट, टू-वे ऑडियो, वाई-फाई कनेक्टिविटी और आसान मोबाइल ऐप सपोर्ट जैसे फीचर्स मौजूद हों।
5. IP रेटिंग और वारंटी पर भी दें ध्यान
अगर कैमरा घर के बाहर लगाना है, तो उसकी IP65 या IP66 जैसी वॉटर और डस्ट रेजिस्टेंस रेटिंग जरूर देखें। इससे कैमरा बारिश, धूल और गर्मी में भी बेहतर तरीके से काम करता है। साथ ही कम से कम 1 से 2 साल की वारंटी वाला कैमरा खरीदना ज्यादा सुरक्षित विकल्प होता है।
केवल कीमत देखकर फैसला न करें
कई बार सस्ते कैमरे शुरुआत में अच्छे लगते हैं, लेकिन कुछ महीनों बाद उनकी रिकॉर्डिंग क्वालिटी खराब हो जाती है या वे तकनीकी समस्याएं देने लगते हैं। ऐसे में हमेशा विश्वसनीय ब्रांड का कैमरा चुनें और खरीदने से पहले उसके फीचर्स, ग्राहक रिव्यू और सर्विस नेटवर्क की जानकारी जरूर लें।
