भारत सरकार ने शनिवार को ‘सेल ब्रॉडकास्ट मैसेजिंग सिस्टम’ (Cell Broadcast Messaging System) के जरिए पहली बार देश के करोड़ों मोबाइल पर इमरजेंसी अलर्ट भेजा। यह अलर्ट भारी बारिश और आंधी को लेकर था, हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब देश के करोड़ों फोन पर एक साथ इमरजेंसी अलर्ट आया है।
इससे पहले कई बार टेस्ट के दौरान इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया था लेकिन यह पहला मौका था जब शनिवार यानी 30 मई की शाम को करोड़ों फोन पर एक साथ इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया। इमरजेंसी अलर्ट के दौरान करोड़ों मोबाइल फोन पर तेज सायरन जैसी आवाज आती है और साथ में यह चेतावनी मैसेज भी लिखा होता है, लेकिन यदि आपके फोन पर यह अलर्ट नहीं आया, तो इसकी वजह आपके स्मार्टफोन की सेटिंग्स हो सकती हैं।
सेटिंग को ऑन करके पाएं इमरजेंसी अलर्ट
अगर आप भविष्य में ऐसे महत्वपूर्ण सरकारी अलर्ट मिस नहीं करना चाहते हैं, तो अपने एंड्रॉयड स्मार्टफोन में ‘Wireless Emergency Alerts’ फीचर को एक्टिव कर सकते हैं। यह सुविधा चालू होने पर किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में आपको सीधे चेतावनी संदेश प्राप्त होंगे।
Wireless Emergency Alerts कैसे ऑन करें?
- इस फीचर को एक्टिव करने के लिए सबसे पहले अपने फोन की Settings में जाएं।
- इसके बाद नीचे दिए गए ‘Safety and Emergency’ विकल्प पर टैप करें।
- यहां सबसे नीचे ‘Wireless Emergency Alerts’ का विकल्प मिलेगा।
- इस पर क्लिक करने के बाद ऊपर दिखाई देने वाले ‘Allow Alerts’ विकल्प को ऑन कर दें।
- इसके बाद आपके फोन पर सरकारी आपातकालीन चेतावनियां प्राप्त होने लगेंगी।
क्या है इस फीचर का फायदा?
इस सुविधा के जरिए अलर्ट SMS के बजाय सीधे वायरलेस ट्रांसमिशन के माध्यम से आपके फोन तक पहुंचते हैं। युद्ध, भूकंप, बाढ़, चक्रवात और अन्य प्राकृतिक आपदाओं जैसी स्थितियों में यह सिस्टम लोगों को समय रहते सतर्क करने में मदद कर सकता है। खास बात यह है कि यह अलर्ट फोन के साइलेंट मोड में होने पर भी तेज आवाज के साथ सुनाई दे सकता है।
कैसे काम करती है Cell Broadcast Technology?
सेल ब्रॉडकास्ट टेक्नोलॉजी मोबाइल टावरों के जरिए सीधे फोन पर चेतावनी संदेश भेजती है। यह संदेश पूरे देश, किसी विशेष राज्य, क्षेत्र या किसी खास टावर के दायरे में मौजूद मोबाइल फोन तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए किसी तरह के सब्सक्रिप्शन की आवश्यकता नहीं होती और नेटवर्क बाधित होने की स्थिति में भी यह तकनीक प्रभावी रूप से काम कर सकती है।
