टेक एंड गैजेट्स

Google Search AI Mode: गूगल ने भारतीय यूजर्स के लिए किया बड़ा ऐलान, एआई मोड अब हिंदी में भी

Google AI Mode in Hindi: दुनिया भर के लोगों के लिए सर्च को एक बेहतरीन अनुभव बनाना सिर्फ अनुवाद से कहीं ज्यादा है। इसके लिए स्थानीय ज्ञान और संदर्भ की गहरी समझ की जरूरत होती है, और जेमिनी 2.5 की एडवांस मल्टीमॉडल और रीजनिंग क्षमताएं हमें भाषा को बेहतर ढंग से समझने में मदद करती हैं।

Image

Google Search AI Mode/Photo-Google

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है। अब दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी गूगल ने भी सर्च में हिंदी में एआई मोड शुरू कर दिया है। यह वैश्विक स्तर पर सभी हिंदी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी ने बताया कि इस अपटेड के साथ यूजर्स, लंबे एवं कठिन और हल्के-फुल्के सवाल हिंदी में पूछ सकते हैं और इसका जवाब हिंदी में दिया जाएगा।

कंपनी ने एक ब्लॉगपोस्ट में कहा, "हमने हाल ही में इसे भारत में अंग्रेजी में लॉन्च किया है और कठिन प्रश्नों को संभालने की इसकी क्षमता पर हमें शानदार प्रतिक्रिया मिली है। हम अगला कदम उठाते हुए बेहद उत्साहित हैं और आज से हम दुनिया भर के उपयोगकर्ताओं के लिए हिंदी में एआई मोड शुरू कर रहे हैं।" एआई मोड को ऐसे प्रश्नों के उत्तर देने के लिए डिजाइन किया गया है जिनके उत्तर खोजने के लिए सामान्यतः कई बार सर्च करना पड़ता है।

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक गूगल सर्च में प्रोडक्ट मैनेजमेंट की उपाध्यक्ष हेमा बुधराजु ने कहा, "एआई सर्च को और भी उपयोगी और गूगल से कुछ भी सवाल करने को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना रहा है। हम एआई मोड को हिंदी में लाने को लेकर उत्साहित हैं और यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि लोग इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "दुनिया भर के लोगों के लिए सर्च को एक बेहतरीन अनुभव बनाना सिर्फ अनुवाद से कहीं ज्यादा है। इसके लिए स्थानीय ज्ञान और संदर्भ की गहरी समझ की जरूरत होती है, और जेमिनी 2.5 की एडवांस मल्टीमॉडल और रीजनिंग क्षमताएं हमें भाषा को बेहतर ढंग से समझने में मदद करती हैं।"

एआई मोड अपनी क्षमताओं से यूजर्स के कठिन सवालों को भी समझने में सक्षम है। यह बागवानी, सुगंधित एवं रात में खिलने वाले फूलों और विशेष वातावरण जैसे अनुरोधों की बारीकियों और जटिलताओं को समझ सकता है और घरेलू बागवानी के लिए अनुकूलित सुझाव प्रदान कर सकता है। कंपनी ने कहा कि इस लॉन्च से यूजर्स को बेहतर सर्च अनुभव, सूचना तक आसान पहुंच और अपनी पसंदीदा भाषाओं में जानकारी तलाशने का अधिक आसान तरीका मिलेगा।

इनपुट- आईएएनएस

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article