टेक एंड गैजेट्स

लॉन्चिंग से पहले Google Pixel 11 Pro Fold की डिजाइन लीक, 12 अगस्त को उठेगा Google Pixel 11 सीरीज से पर्दा

ग्लोबल मेमोरी चिप की कमी के कारण Pixel 11 सीरीज की कीमत पिछले मॉडल के मुकाबले थोड़ी ज्यादा हो सकती है। याद दिला दें कि भारत में Pixel 10 की शुरुआती कीमत 79,999 रुपये रखी गई थी। ऐसे में नई सीरीज की शुरुआती कीमत इससे अधिक हो सकती है।

Image

लॉन्चिंग से पहले Google Pixel 11 Pro Fold की डिजाइन लीक/Photo-Telegram/mysticleaks

Google ने अपनी अगली फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Pixel 11 की लॉन्च डेट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी है। कंपनी ने मीडिया इनवाइट भेजकर पुष्टि की है कि 12 अगस्त को न्यूयॉर्क में आयोजित Made by Google इवेंट के दौरान नई Pixel 11 सीरीज से पर्दा उठाया जाएगा। इस इवेंट में Pixel 11 लाइनअप के साथ कंपनी का नया फोल्डेबल स्मार्टफोन Pixel 11 Pro Fold भी लॉन्च होने की उम्मीद है। भारतीय समय के अनुसार यह इवेंट 13 अगस्त की सुबह 3:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में भारत के यूजर्स को सुबह तक सभी नए प्रोडक्ट्स की आधिकारिक जानकारी मिल जाएगी।

Pixel 11 सीरीज में लॉन्च हो सकते हैं चार मॉडल

लीक्स के मुताबिक, Google इस बार Pixel 11 सीरीज में कुल चार स्मार्टफोन पेश कर सकता है। इनमें Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold शामिल हो सकते हैं। हालांकि कंपनी ने अभी तक इन मॉडलों के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

डिजाइन में होंगे छोटे लेकिन अहम बदलाव

लॉन्च से पहले सामने आए रेंडर्स के अनुसार Pixel 11 सीरीज का डिजाइन पिछले Pixel 10 सीरीज से काफी मिलता-जुलता रहेगा। हालांकि इसमें कुछ छोटे बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस बार रियर कैमरा मॉड्यूल पूरी तरह ब्लैक फिनिश में होगा, जबकि पिछली पीढ़ी में ड्यूल-टोन डिजाइन देखने को मिला था। इसके अलावा स्क्रीन के बेजल पहले की तुलना में थोड़े पतले हो सकते हैं, जिससे यूजर्स को बेहतर व्यूइंग एक्सपीरियंस मिलेगा। फ्लैट फ्रेम और फ्लैट डिस्प्ले का डिजाइन बरकरार रहने की उम्मीद है।

Pixel 11 Pro Fold होगा सबसे पतला फोल्डेबल!

Google का नया Pixel 11 Pro Fold इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह कंपनी का अब तक का सबसे पतला फोल्डेबल स्मार्टफोन हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह Samsung, Motorola और Vivo जैसे ब्रांड्स के प्रीमियम फोल्डेबल फोन को कड़ी टक्कर दे सकता है। लीक हुई तस्वीरों से पता चलता है कि फोन का कैमरा मॉड्यूल पहले से थोड़ा अलग डिजाइन के साथ आएगा। कैमरा कटआउट में इस बार LED फ्लैश और माइक्रोफोन को भी नई जगह दी गई है।

नए Pine कलर में भी आएगा फोल्डेबल फोन

ताजा लीक के अनुसार Pixel 11 Pro Fold को Pine नाम के नए कलर ऑप्शन में भी लॉन्च किया जा सकता है। यह हल्के हरे (Light Green) रंग का शेड होगा। इसके साथ फोन में हल्के गोल्ड रंग का फ्रेम देखने को मिल सकता है। इससे पहले यह डिवाइस ब्लैक कलर में भी लीक हो चुका है।

Tensor G6 चिपसेट और AI पर रहेगा फोकस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Pixel 11 सीरीज के सभी मॉडल Google के नए Tensor G6 प्रोसेसर से लैस होंगे। कंपनी इस बार भी अपने AI फीचर्स पर खास जोर दे सकती है। कैमरा, फोटो एडिटिंग, वॉयस असिस्टेंट और ऑन-डिवाइस AI से जुड़े कई नए फीचर्स लॉन्च इवेंट में पेश किए जाने की उम्मीद है। वहीं Pixel 11 Pro Fold में 4,800mAh की बैटरी मिलने की संभावना है। साथ ही इसमें नया प्राइमरी कैमरा सेंसर भी दिया जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article