टेक दिग्गज Google अपने AI इकोसिस्टम को लगातार विस्तार दे रहा है और अब खबर है कि कंपनी अपने लोकप्रिय AI असिस्टेंट Gemini AI ऐप में भी विज्ञापन दिखाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हाल ही में संकेत दिया है कि आने वाले समय में यूजर्स को इस ऐप में भी स्पॉन्सर्ड कंटेंट दिखाई दे सकता है।
गूगल के एआई टूल को मिला नया फीचर। (फोटो क्रेडिट-Digit)
कमाई बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं Ads
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Google के चीफ बिजनेस ऑफिसर फिलिप शिंडलर ने कंपनी की तिमाही अर्निंग कॉल के दौरान कहा कि Gemini ऐप में विज्ञापन जोड़ने के लिए कंपनी पूरी तरह खुली है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल कंपनी का फोकस AI Mode में विज्ञापन लाने पर है, लेकिन यहां सफल रहने वाला मॉडल आसानी से Gemini ऐप में भी लागू किया जा सकता है। उनका मानना है कि अगर सही तरीके से लागू किया गया, तो विज्ञापन Gemini की ग्रोथ में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
AI Overviews में पहले से दिख रहे हैं विज्ञापन
Google पहले ही अपने AI आधारित सर्च फीचर AI Overviews में विज्ञापन दिखा रहा है। यह सुविधा भारत समेत कई देशों में उपलब्ध है, जहां यूजर की सर्च क्वेरी के आधार पर टेक्स्ट और शॉपिंग विज्ञापन दिखाए जाते हैं। इसमें “Shopping” और “Performance Max” जैसे कैंपेन शामिल हैं, जो यूजर्स को उनके सर्च से जुड़े प्रोडक्ट्स और सर्विसेज दिखाते हैं।
ChatGPT से बढ़ सकती है टक्कर
अगर Gemini ऐप में विज्ञापन शुरू होते हैं, तो इसका सीधा मुकाबला OpenAI के ChatGPT से हो सकता है। इस साल फरवरी में सैम ऑल्टमैन की अगुवाई वाली OpenAI ने भी अपने चैटबॉट में विज्ञापन दिखाने की शुरुआत की थी। कंपनी के अनुसार, ये विज्ञापन AI के जवाबों को प्रभावित नहीं करते हैं और इन्हें खासतौर पर लॉग-इन यूजर्स को दिखाया जाता है।
यूजर्स के अनुभव पर क्या होगा असर?
हालांकि AI प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन जोड़ने से कंपनियों की कमाई बढ़ सकती है, लेकिन इससे यूजर एक्सपीरियंस पर असर पड़ने की भी संभावना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि Google अपने AI असिस्टेंट में विज्ञापनों को किस तरह पेश करता है ताकि यूजर्स को सहज और उपयोगी अनुभव मिल सके।
