टेक एंड गैजेट्स

गूगल का बड़ा ऐलान, खुद बताएगा कौन-सा ऐप चूस रहा है स्मार्टफोन की बैटरी

गूगल प्ले-स्टोर (Google Play Store) पर उन ऐप्स के लिए विशेष चेतावनी लेबल दिखाया जाएगा जो अत्यधिक बैटरी का उपयोग करते हैं। फिलहाल यह फीचर एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए जारी कर दिया गया है।

Image

Google Announces A Major Update For Play Store

Google ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया कदम उठाया है। अब ऐसे ऐप्स को पहचानना आसान होगा जो जरूरत से ज्यादा बैटरी की खपत करते हैं। साथ ही ऐसे ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने घोषणा की है कि गूगल प्ले-स्टोर (Google Play Store) पर उन ऐप्स के लिए विशेष चेतावनी लेबल दिखाया जाएगा जो अत्यधिक बैटरी का उपयोग करते हैं। फिलहाल यह फीचर एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए जारी कर दिया गया है।

Wake Lock मैकेनिज्म के गलत इस्तेमाल की पहचान

गूगल के अनुसार कुछ ऐप्स एंड्रॉयड के Wake Lock सिस्टम का गलत इस्तेमाल करते हैं। यह फीचर फोन की स्क्रीन बंद होने के बाद भी CPU को बैकग्राउंड में एक्टिव रखता है। जांच में पाया गया कि कुछ ऐप्स यूजर के ऐप बंद करने के बाद भी लंबे समय तक Wake Lock को एक्टिव रखते हैं। यदि पिछले 28 दिनों में यह फीचर 5 प्रतिशत से अधिक समय तक एक्टिव रहता है, तो गूगल ऐसे ऐप्स को “खराब व्यवहार” वाली श्रेणी में रखेगा।

Play Store पर दिखाई देगा चेतावनी संदेश

अब जिन ऐप्स की बैटरी खपत ज्यादा होगी, उनके पेज पर Play Store में चेतावनी संदेश दिखाई देगा। इस संदेश में बताया जाएगा कि यह ऐप लगातार बैकग्राउंड गतिविधियों के कारण अपेक्षा से ज्यादा बैटरी खर्च कर सकता है। अगर किसी यूजर को ऐप डाउनलोड करते समय ऐसा मैसेज दिखाई देता है, तो वह सावधान हो सकता है और कम बैटरी खर्च करने वाले दूसरे ऐप का विकल्प चुन सकता है।

डेवलपर्स के सुझाव से तैयार हुआ फीचर

गूगल ने बताया कि यह फीचर डेवलपर्स के साथ मिलकर तैयार किया गया है। डेवलपर्स से मिले फीडबैक के आधार पर इसे डिजाइन किया गया ताकि ऐप्स के प्रदर्शन और बैटरी उपयोग को बेहतर बनाया जा सके। Wake Lock फीचर का इस्तेमाल कई जरूरी कामों के लिए भी होता है, जैसे ऑडियो प्लेबैक, लोकेशन सर्विस या डेटा ट्रांसफर, ताकि स्क्रीन बंद होने पर भी ये सेवाएं चलती रहें।

यूजर्स और डेवलपर्स दोनों को होगा फायदा

इस नए फीचर की मदद से यूजर्स आसानी से उन ऐप्स की पहचान कर सकेंगे जो ज्यादा बैटरी खर्च करते हैं, जिससे फोन की बैटरी ज्यादा समय तक चल सकेगी। Play Store पर दिखने वाले चेतावनी लेबल से ऐसे ऐप्स को पहचानना आसान होगा जिनका ऑप्टिमाइजेशन सही नहीं है। यह फीचर ऐप डेवलपर्स के लिए भी मददगार होगा। वे बैटरी से जुड़ी समस्याओं की पहचान करके अपने ऐप को बेहतर बना सकेंगे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article