टेक एंड गैजेट्स

फर्जी खबरों और डीपफेक पर लगेगी लगाम, सरकार जल्द लाएगी नए नियम

वैष्णव ने लोकसभा में राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा, ‘‘फर्जी खबरों, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डीप फेक पर सख्त कार्रवाई और कड़े नियमों की जरूरत है। फर्जी खबरें लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और यह गंभीर विषय है।’’

Image

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव (PTI Photo/Kamal Kishore)(PTI11_26_2025_000396B)

Photo : PTI

फर्जी खबरों को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि सरकार फर्जी खबरों और एआई जनित डीपफेक वीडियो पर रोकथाम के लिए संस्थागत प्रणाली बनाने के लिए नए नियम बना रही है।

वैष्णव ने लोकसभा में राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा, ‘‘फर्जी खबरों, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डीप फेक पर सख्त कार्रवाई और कड़े नियमों की जरूरत है। फर्जी खबरें लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और यह गंभीर विषय है।’’

समाचार एजेंसी PTI/भाषा के मुताबिक वैष्णव ने कहा कि फर्जी खबरें फैलाने वाले लोग भारतीय कानूनों का पालन नहीं करते और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने भी इस संबंध में बहुत अच्छा काम किया है और मंगलवार को सदन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘सरकार नए नियम बनाने की दिशा में काम कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और फर्जी खबरों से लोकतंत्र की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना होगा।

ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने ऑनलाइन मनी गेमिंग को विनियमित करने के लिए बहुत कड़ा कानून बनाया है और करोड़ों परिवारों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार इस तरह के कदाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने से कभी पीछे नहीं हटती।’’

कुछ समाचार चैनलों और सोशल मीडिया मंचों पर फर्जी खबरें प्रसारित किए जाने के आरोपों से संबंधित एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए वैष्णव ने कहा कि सरकार और भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) किसी समाचार चैनल या अखबार के खिलाफ इस तरह की किसी भी शिकायत को सक्रियता से लेते हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर कुछ भी नहीं बेचा जा सकता।’’

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article