टेक एंड गैजेट्स

6GHz बैंड से वाई-फाई होगा सुपरफास्ट, 9.6 Gbps स्पीड से चलेगा इंटरनेट, सरकार ने कर ली तैयारी

6GHz Band: 6 गीगाहर्ट्ज बैंड 9.6 गीगाबिट प्रति सेकंड (Gbps) तक की डेटा स्पीड दे सकता है, जबकि 5 गीगाहर्ट्ज बैंड में 1.3 Gbps और 2.4 गीगाहर्ट्ज बैंड में 600 मेगाबिट प्रति सेकंड (Mbps) की स्पीड मिल सकती है। ऐसे में 6 गीगाहर्ट्ज बैंड से इन सेक्टर के अलावा फास्ट डेटा ट्रांसफर में भी काफी मदद मिलेगी।

Image

Fast WiFi Speeds

यदि आप इंटरनेट के लिए ब्राडबैंड या वाई-फाई का इस्तेमाल करते हैं तो आपकी इंटरनेट स्पीड जल्द ही बढ़ने वाली है। सरकार ने 6 गीगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम बैंड के निचले हिस्से को लाइसेंस फ्री करने का फैसला किया है, जिससे 500 मेगाहर्ट्ज एयरवेव उपलब्ध हो सकेंगी। दूरसंचार विभाग (DoT) ने मसौदा नियम पोस्ट किए हैं, जिन पर 15 जून तक टिप्पणियां मांगी गई हैं, जिसके बाद रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

क्या होगा यूजर्स का फायदा?

एक्सपर्ट्स ने कहा कि 6 गीगाहर्ट्ज बैंड 9.6 गीगाबिट प्रति सेकंड (Gbps) तक की डेटा स्पीड दे सकता है, जबकि 5 गीगाहर्ट्ज बैंड में 1.3 Gbps और 2.4 गीगाहर्ट्ज बैंड में 600 मेगाबिट प्रति सेकंड (Mbps) की स्पीड मिल सकती है। यानी इससे यूजर्स को फास्ट इंटरनेट मिलेगा। अमेरिका, ब्रिटेन और दक्षिण कोरिया सहित 84 से अधिक देशों ने पहले ही वाई-फाई सेवाओं के लिए 6 गीगाहर्ट्ज बैंड को लाइसेंस फ्री कर दिया है।

अभी क्या है व्यवस्था?

भारत में वाई-फाई सर्विस वर्तमान में 2.4 गीगाहर्ट्ज और 5 गीगाहर्ट्ज बैंड के माध्यम से दी जाती हैं। ये भीड़भाड़ वाले हैं और ऑनलाइन गेमिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, असिस्टेड रियलिटी और वर्चुअल रियलिटी आदि जैसे डेटा-भारी एप्लीकेशन के लिए सीमित स्पीड और क्षमता प्रदान करते हैं। ऐसे में 6 गीगाहर्ट्ज बैंड से इन सेक्टर के अलावा फास्ट डेटा ट्रांसफर में भी काफी मदद मिलेगी।

टेक कंपनियों के लिए बड़ी जीत

नए बैंड के खुलने से भारत में 6 गीगाहर्ट्ज पर काम करने वाले लेटेस्ट वाईफाई राउटर का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि लाइसेंस हटाने या नीलामी के बिना एयरवेव का आवंटन भारत में वाई-फाई 6ई और 7 जैसी अगली जनरेशन की टेक्नोलॉजी की तैनाती का मार्ग प्रशस्त करेगा और इसे मेटा, गूगल, अमेजन और क्वालकॉम जैसी टेक कंपनियों के लिए बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article