यदि आप भी कंटेंट क्रिएटर हैं तो आपके लिए अपनी प्रतिभा को दिखाने और पैसे कमाने का शानदार मौका है। DD News ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक खास पहल ‘Creator’s Corner’ शुरू की है। इस पहल के तहत सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स अपने पुराने या नए वीडियो कंटेंट को DD News पर दिखाने का मौका पा सकते हैं और इसके बदले उन्हें भुगतान भी मिलेगा।
हर हफ्ते DD News पर दिखेगा क्रिएटर्स का कंटेंट
डीडी न्यूज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस संबंध में एक पोस्ट शेयर किया है जिसके मुताबिक Creator’s Corner कार्यक्रम सोमवार से शुक्रवार तक शाम 7:00 से 7:30 बजे प्रसारित किया जाएगा। इसका उद्देश्य देशभर के डिजिटल क्रिएटर्स को भारत के सबसे भरोसेमंद न्यूज प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बनाने का अवसर देना है।
10,000 रुपये तक की कमाई का अवसर
DD News इस पहल के तहत क्रिएटर्स को उनके कंटेंट की अवधि के आधार पर भुगतान करेगा। 2 मिनट तक के वीडियो के लिए 2,400 रुपये मिलेंगे। वहीं 2 से 5 मिनट तक के वीडियो पर 2,400 रुपये के साथ 2 मिनट से ऊपर हर सेकेंड पर 20 रुपये मिलेंगे। 5 मिनट से अधिक के वीडियो पर 6,000 रुपये के साथ 5 मिनट से ऊपर हर सेकेंड पर 20 रुपये का भुगतान मिलेगा। इसमें अधिकतम भुगतान 10,000 रुपये तक सीमित रहेगा।
किन क्रिएटर्स को मिलेगा भुगतान?
इस योजना के तहत वे इंफ्लुएंसर्स जिनके 20,000 या उससे अधिक फॉलोअर्स हैं, उन्हें भुगतान किया जाएगा। इससे उभरते और स्थापित दोनों तरह के क्रिएटर्स को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ाने का मौका मिलेगा।
कंटेंट भेजने का तरीका
जो क्रिएटर्स इस पहल का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे अपना कंटेंट ddnews.creatorscorner@gmail.com पर ईमेल के जरिए भेज सकते हैं। इसके अलावा संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी साझा किया गया है। DD News की यह पहल डिजिटल क्रिएटर्स को न सिर्फ कमाई का अवसर देगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय चैनल पर आने का दुर्लभ मौका भी मिलेगा। इससे कंटेंट क्रिएटर्स की विश्वसनीयता और पहचान दोनों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
