ChatGPT का Deep Research हुआ और भी ज्यादा एडवांस, यूजर्स के मुश्किल काम होंगे आसान
- Authored by: गौरव तिवारी
- Updated Feb 12, 2026, 04:20 PM IST
OpenAI ने अब Deep Research में नए कंट्रोल्स और फुल स्क्रीन रिपोर्ट व्यूअर जैसी नई सुविधाएं दे दी है। लेटेस्ट अपडेट के बाद यूजर्स को रिसर्च के दौरान कंटेंट को पढ़ने, समझने और जरूरत के मुताबिक उसे एडिट करने में मदद मिलने वाली है।
ओपनएआई ने चैटजीपीटी के डीप रिसर्च ेमें जोड़े नए फीचर्स। (फोटो क्रेडिट-Digit)
अगर आप अपने डेली रूटीन वर्क में ओपनएआई के चैजटजीपीटी टूल का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। कंपनी ने अपने यूजर्स की सहूलियत के लिए ChatGPT में मौजूद Deep Research एआई टूल को अब पहले से ज्यादा एडवांस बना दिया है। कंपनी ने डीपसर्च को लॉन्च करने के करीब एक साल बाद इसमें बड़ा अपडेट दिया है। OpenAI ने इस टूल को मल्टी स्टेप रिसर्च में मदद करने के मकसद से लॉन्च किया था और अब इसे और भी ज्यादा पावरफुल बना दिया गया है।
OpenAI ने अब Deep Research में नए कंट्रोल्स और फुल स्क्रीन रिपोर्ट व्यूअर जैसी नई सुविधाएं दे दी है। लेटेस्ट अपडेट के बाद यूजर्स को रिसर्च के दौरान कंटेंट को पढ़ने, समझने और जरूरत के मुताबिक उसे एडिट करने में मदद मिलने वाली है। इस अपडेट के साथ ही ओपनएआई ने अपने GPT-5.2 Instant AI मॉडल को भी अपडेट कर दिया है जिससे यूजर्स को अब पहले से ज्यादा सटीक जवाब मिलेंगे।
Deep Research में बड़ा बदलाव
ओपनआई की तरफ से Deep Research टूल में सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि अब यूजर्स अपनी रिसर्च को कुछ खास वेबसाइट्स तक सीमित कर सकते हैं। पहले अगर किसी को सिर्फ चुनिंदा वेबसाइट्स से जानकारी चाहिए होती थी, तो उसे प्रॉम्प्ट में ही वेबसाइट का नाम लिखकर बताना पड़ता था। अब यह काम सीधे सिस्टम सेटिंग से किया जा सकता है, जिससे रिजल्ट ज्यादा सही और फोकस्ड मिलते हैं। इसके अलावा, अब यूजर रिसर्च के दौरान कनेक्टेड ऐप्स को भी चालू कर सकते हैं और उन्हें भरोसेमंद स्रोत की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी की तरफ से दिया गया यह अपडेट खास तौर पर उन लोगों के लिए बहुत उपयोगी है, जो प्रोफेशनल या पढ़ाई से जुड़ी रिसर्च करते हैं।
लेटेस्ट अपडेट के बाद अब यूजर रिसर्च शुरू होने से पहले ही अपने रिसर्च प्लान में बदलाव कर सकते हैं। इससे पहले - अगर यूजर कोई प्लान तैयार कर लेता था और फिर उसमें किसी तरह के बदलाव की जरूरत पड़ती थी तो पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ती थी लेकिन अब यह झंझट पूरी तरह से खत्म हो चुका है। अब यूजर किसी टास्क के शुरुआत में ही अपनी जरूरत के हिसाब से दिशा तय कर सकता है और जरूरी सुधार कर सकता है।
फुल-स्क्रीन रिपोर्ट व्यूअर
आपको बता दें कि इसके अलावा, Deep Research में एक नया फुल-स्क्रीन रिपोर्ट व्यूअर जोड़ा गया है। इसका एक बड़ा फायदा यह होगा कि यह किसी डॉक्यूमेंट देखने वाले पेज जैसा इंटरफेस देता है। इसमें बाईं तरफ विषय सूची (इंडेक्स) दिखाई देती है और दाईं तरफ संबंधित स्रोत (सोर्स) दिखते हैं।
