BSNL Satellite to Device service: एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक, मुकेश अंबानी की जियो के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई है। लेकिन इससे पहले सरकारी कंपनी BSNL ने जियो को टेंशन देते हुए अपनी सैटेलाइट-टू-डिवाइस सर्विस लॉन्च कर दी है। यह भारत की पहली सैटेलाइट-टू-डिवाइस सर्विस भी है।
क्या है BSNL सैटेलाइट-टू-डिवाइस सर्विस
सरकारी स्वामित्व वाली दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने भारत की पहली सैटेलाइट-टू-डिवाइस सेवा शुरू कर दी है। इससे भारत में जियो और एयरटेल जैसी बड़ी कंपनियों को बड़ा झटका लगा है। इसके साथ ही, बीएसएनएल भारत की पहली दूरसंचार कंपनी बन गई है जो सैटेलाइट के माध्यम से सीधे मोबाइल फोन को जोड़ती है। सरकारी टेलीकॉम ने इसके लिए अमेरिकी सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी वायसैट (Viasat) के साथ पार्टनरशिप की है।
जानें DoT ने क्या कहा?
दूरसंचार विभाग (DoT) ने सैटेलाइट-टू-डिवाइस सर्विस के बारे में एक वीडियो शेयर करते हुए X पर इस लॉन्च की जानकारी दी है। विभाग ने लिखा, " बीएसएनएल ने भारत की पहली सैटेलाइट-टू-डिवाइस सेवा शुरू की! अब भारत के सुदूर इलाकों तक भी सीमलेस कनेक्टिविटी पहुंच गई है।" हालांकि, अब तक इसके कुछ महत्वपूर्ण जानकारी स्पष्ट नहीं की गई है।
कैसे काम करती है सैटेलाइट-टू-डिवाइस सर्विस?
यह सर्विस पारंपरिक बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता को दरकिनार करते हुए सीधे यूजर्स के डिवाइस पर हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के लिए एडवांस सैटेलाइट टेक्नोलॉजी का उपयोग करती है। बता दें कि Viasat ने इंडियन मोबाइल कांग्रेस 2024 (Indian Mobile Congress 2024) में सैटेलाइट बेस्ड टू-वे कम्युनिकेशन व SOS मैसेजिंग सर्विस का डेमो पेश किया था। यह पहला मौका था, जब भारत में यह तकनीक सबके सामने पेश की गई थी।
